सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों की शिक्षा को मिल रही नई रफ्तार - विधायक दीपेश साहू

आत्मानंद हिंदी स्कूल बेमेतरा में 253 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल 
बेमेतरा 27 जुलाई 2026 - बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई को सुगम बनाने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बेमेतरा में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने की। विशेष अतिथि के रूप में युगल देवांगन एवं पार्षद पंचू साहू तथा आतिथ्य में प्रेमलता उपस्थित रहीं। 
   कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 वीं में अध्ययनरत कुल 253 पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत निःशुक्ल साइकिल वितरित की गई। 
       इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी योजना है। कई छात्राएं दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आती हैं, ऐसे में साइकिल उनके लिए विद्यालय तक पहुंचने का सुविधाजनक साधन बनती है। यह योजना केवल छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेटियों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। 
   विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बेटियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर नियमित रूप से विद्यालय आएं और मन लगाकर पढ़ाई करते हुए अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें। 
      कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी सरस्वती साइकिल योजना की उपयोगिता और महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलती है और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ता है। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। 
      कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की प्राचार्य श्रीमती कविता बाचपाई के स्वागत भाषण से हुई। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद ठाकुर ने किया, जबकि अंत में श्रीमती आराधना जोसेफ ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। 
  कार्यक्रम को सफल बनाने में हिरेंद्र कुमार साहू, पीलाराम साहू, साइकिल वितरण प्रभारी नरेंद्र कुमार देवांगन, कौशल कुमार वर्मा, श्रीमती ऋचा मिश्रा, श्रीमती ऋचा दूबे, श्रीमती सपना तिवारी, श्रीमती राखी सोनी, श्रीमती अंकिता तिवारी, श्रीमती मांडवी साहू एवं श्री रेमन सिन्हा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 
   इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कामिनी महिलांगे, बीआरसी राजेंद्र कुमार साहू, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहें। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ