लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं, जनता की आवाज दबाने वालों के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष - जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा

जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा ने किया सिग्नल चौक में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन 
बेमेतरा 22 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार आज जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के तत्वावधान में नगर के सिग्नल चौक में लोकतंत्र की रक्षा, छात्रों-युवाओं के अधिकारों एवं जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। 
  जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि देश आज अघोषित तानाशाही की ओर बढ़ रहा है, जहाँ जनता की आवाज को दबाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान नीट (NEET) सहित विभिन्न छात्र मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया जाना और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखने से रोककर हिरासत में लेना लोकतंत्र एवं संविधान पर सीधा हमला है। 
    उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है। जब देश का युवा अपने भविष्य को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हो और उसकी आवाज सुनने के बजाय उस पर लाठियां बरसाई जाएँ, तब यह स्पष्ट हो जाता है कि सरकार जन भावनाओं का सम्मान करने के बजाय दमनकारी रवैया अपना रही है। लोकतंत्र में विरोध की आवाज को कुचलना किसी भी सरकार के लिए उचित नहीं है। 
      कांग्रेस पार्टी संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा प्रदत्त संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हम देश के छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे। लोकतंत्र की हत्या और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक जनता को न्याय नहीं मिल जाता। 
      इस विरोध प्रदर्शन में मंगत साहू, प्रांजल तिवारी, राजू साहू, मिथलेश वर्मा, रीता पाण्डेय, हरीश साहू, सुशीला जोशी, सुमन गोस्वामी, शकुंतला साहू, रूबी सलूजा, ललित विश्वकर्मा, मनोज शर्मा, जोगेंदर छाबड़ा, मिनटा नामदेव, प्रकश ठाकुर, टोकेश्वर साहू, द्वारिका तिवारी, अजय राज सेन, वैभव मिश्रा, दीपक दिनकर, योगिता साहू, निलेश ठाकुर, संस्कार शर्मा, निलेश वैष्णव, विकाश चौबे, सीताराम यदु, बलवंत साहू, ऋतिक तिवारी, भीखम साहू, कोनेन अली, याशिफ खान, नरेंद्र वर्मा, शुभम सोनी, घनश्याम देवांगन सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ