परिजन व नगरवासियों ने कार्यवाही को लेकर साजा थाना घेराव कर कार्यवाही की मांग पर अड़े
शांति व्यवस्था को लेकर आना पड़ा एसपी को, बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल
साजा में चला देर शाम तक हंगामा, आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा 14 जुलाई 2026 - बेमेतरा जिले के ब्लाक मुख्यालय साजा में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक युवक ने अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद नगर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की खोजबीन कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया।
मुर्गा दुकान संचालक पर चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पहले शराब दुकान के पास गया, जहां शराब भट्टी के सामने स्थित मुर्गा दुकान में पीड़ित युसिफ खान काम कर रहा था। इसी दौरान युवक सोनू निर्मलकर वहां पहुंचा और कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित युसिफ खान के सिर में चोट आई, परिजनों के अनुसार उनको गंभीर चोट आई है।
दूसरी वारदात चाय दुकान में
पहली घटना के कुछ समय बाद आरोपी अवंती चौक के पास स्थित एक चाय दुकान पहुंचा, जहां शेषनारायण निषाद बैठे थे। आरोप है कि आरोपी ने वहां भी रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, उनके सिर पर करीब 8 टांके लगे हैं और चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की सलाह दी है। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।
परिजनों ने दर्ज कराई एफआईआर
घटना के बाद दोनों पीड़ितों के परिजन साजा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाने के बाहर हंगामा, न्याय की मांग
घटना से नाराज परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग साजा थाना पहुंच गए। इस दौरान पीड़ित युसिफ खान खान के पिता पुलिस वाहन के सामने बैठकर न्याय की मांग करने लगे। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्यवाही का आश्वासन दिया।
एसपी पहुंचे, अतिरिक्त बल तैनात
स्थिति को देखते हुए बेमेतरा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल स्वयं साजा थाना पहुंचे, उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को शांत कराया गया।
देर शाम तक बनी रहीं गहमागहमी
घटाना को लेकर पीड़ितों के परिजनों एवं नगरवासियों द्वारा आरोपी पर कार्यवाही को लेकर साजा थाना में भारी भीड़ हो गई, जिससे पूरा माहौल गहमागहमी एवं तनावपूर्ण बना रहा। घटना के बाद दोपहर 12 बजे से देर शाम तक लोगों ने थाना में डटे रहे।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी सोनू निर्मलकर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ