सभी विभाग प्रत्येक सप्ताह निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ के साथ जिला कार्यालय को भेजे, जिसे जिला प्रशासन 15 दिन में समीक्षा कर लापरवाह एजेंसियों को नोटिस जारी करेगा - बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

कलेक्टर ने की सभी निर्माण विभागों के कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा 
बेमेतरा 08 जुलाई 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक कर बारीकी से एक एक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। 
        बैठक में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सेतु निगम, हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम सहित अन्य निर्माण कार्य से संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समय-सीमा और गुणवत्ता पर सख्त निर्देश 
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में स्वीकृत सभी निर्माण कार्य शासन की प्राथमिकता में हैं। इन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर और तय मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा ’’विकास कार्यों में विलंब और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता के पैसे का सदुपयोग हो, यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।’’ 

एक-एक कार्य की हुई समीक्षा 
बैठक में कलेक्टर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागवार कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, सड़क, पुल-पुलिया, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र और अमृत सरोवर योजनाओं के अंतर्गत चल रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति जानी। जिन कार्यों की प्रगति धीमी पाई गई, उन पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी को 1 कार्य में तेजी लाने का अल्टीमेटम दिया गया। 

लापरवाही पर होगी कार्रवाई 
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि कई निर्माण कार्यों में सामग्री की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और थर्ड पार्टी क्वालिटी मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से कराएं। उन्होंने चेतावनी दी ’’यदि किसी भी कार्य में मटेरियल की गुणवत्ता खराब पाई गई या तय एस्टीमेट से विचलन मिला, तो संबंधित ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारी पर भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित निर्माण कार्य का भुगतान गुणवत्ता प्रमाणन के बाद ही किया जाए।’’ 
लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश 
कलेक्टर ने जिले में पिछले वित्तीय वर्ष के लंबित कार्यों को हर हाल में अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दें, ताकि आवागमन बाधित न हो। साथ ही सभी एजेंसियों को निर्माण स्थलों पर सेफ्टी मानकों का पालन करने और श्रमिकों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। 
  बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सप्ताह निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ के साथ जिला कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर 15 दिन में समीक्षा करेगा और अगली बैठक में लापरवाह एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। 
  बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता पद्माकर सहित संबंधित विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी मौजूद थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ