पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित कार्यशाला में डीसीसी एवं ईआरवी वाहनों में स्थापित अत्याधुनिक उपकरणों के प्रभावी संचालन का दिया गया प्रशिक्षण
बेमेतरा, मुंगेली एवं बलौदाबाजार जिले के नोडल अधिकारियों, डीसीसी, ईआरवी, थाना एवं हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ ने लिया भाग
बेमेतरा 07 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी डायल-112 ईआरवी योजना के अंतर्गत आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में हाईटेक ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) वाहन प्रदाय किया गया था। इन अत्याधुनिक वाहनों के माध्यम से अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस सहायता और अधिक तेज, प्रभावी एवं तकनीक आधारित हो सकेगी।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशन में डायल-112 "एक नंबर सब्बो बर" परियोजना के अंतर्गत 07 एवं 08 जुलाई 2026 को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत कार्यालय बेमेतरा के सभा कक्ष में रखा गया हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य डायल -112 सेवा के अंतर्गत जिला नियंत्रण केंद्र (DCC) एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ERV) में स्थापित आधुनिक उपकरणों के कुशल एवं प्रभावी संचालन के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करना है।
आज 07 जुलाई 2026 को कार्यशाला में पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव की उपस्थिति में C-DAC रायपुर की प्रशिक्षण टीम के विनोद (सीनियर इंजीनियर), संकला केडिया (नेटवर्क इंजीनियर) एवं गोविंद तंवर (विजन प्लस) द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में बेमेतरा, मुंगेली एवं बलौदाबाजार जिले के डायल-112 के नोडल अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक, डीसीसी प्रभारी एवं स्टाफ, ईआरवी स्टाफ, थाना स्टाफ तथा हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ को डायल-112 प्रणाली में उपयोग किए जा रहे उपकरणों के संचालन, तकनीकी प्रक्रियाओं, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा बेहतर समन्वय के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को डायल-112 सेवा को अधिक प्रभावी, त्वरित एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर आम नागरिकों को बेहतर आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कार्यशाला के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डायल-112 के माध्यम से प्राप्त आपातकालीन कॉल पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिस्पॉन्स टाइम पर विशेष ध्यान देने, घटनास्थल पर शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।
एएसपी हरीश कुमार यादव ने आपातकालीन कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, पीड़ितों को समय पर सहायता प्रदान करने तथा जनसुरक्षा से संबंधित मामलों में समन्वय एवं सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, रक्षित निरीक्षक बलौदाबाजार श्रीमती उषा ठाकुर, निरीक्षक सोनल ग्वाला, डीसीसी प्रभारी बेमेतरा निरीक्षक मयंक मिश्रा, डीसीसी प्रभारी मुंगेली सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कश्यप, डीसीसी प्रभारी बलौदाबाजार सहायक उपनिरीक्षक कमल किशोर देवांगन, कंट्रोल रूम एवं डायल-112 बेमेतरा के दिलीप सिंह सहित बेमेतरा, मुंगेली एवं बलौदाबाजार जिले के डायल-112 सेवा से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ