डायल-112 "एक नंबर सब्बो बर" के कुशल संचालन हेतु आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

डीसीसी एवं ईआरवी वाहनों में स्थापित अत्याधुनिक उपकरणों के प्रभावी संचालन का दिया गया प्रशिक्षण 

बेमेतरा, मुंगेली एवं बलौदाबाजार जिले के नोडल अधिकारियों, डीसीसी, ईआरवी, थाना एवं हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ ने लिया भाग 
बेमेतरा 08 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी डायल-112 ईआरवी योजना के अंतर्गत आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेमेतरा में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न हुई। 
    पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशन में डायल-112 "एक नंबर सब्बो बर" परियोजना के अंतर्गत 07 एवं 08 जुलाई 2026 को आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आज बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय बेमेतरा के सभा कक्ष में सम्पन्न हुई। कार्यशाला का उद्देश्य डायल-112 सेवा के तहत जिला नियंत्रण केंद्र (DCC) एवं इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) में स्थापित अत्याधुनिक उपकरणों के प्रभावी संचालन का तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करना था। 
       प्रशिक्षण के समापन अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डायल-112 सेवा आम नागरिकों को त्वरित, प्रभावी एवं तकनीक आधारित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपातकालीन कॉल पर तत्काल प्रतिक्रिया, रिस्पॉन्स टाइम में सुधार, घटनास्थल पर शीघ्र पहुंच तथा पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 
      कार्यशाला में C-DAC रायपुर की प्रशिक्षण टीम के वरिष्ठ इंजीनियर विनोद, नेटवर्क इंजीनियर संकला केडिया एवं विजन प्लस के गोविंद तंवर ने आधुनिक संचार उपकरणों, तकनीकी प्रक्रियाओं, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा समन्वय संबंधी विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। 
     इस प्रशिक्षण में बेमेतरा, मुंगेली एवं बलौदा बाजार जिले के डायल-112 के नोडल अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक, डीसीसी प्रभारी एवं स्टाफ, ईआरवी स्टाफ, थाना स्टाफ तथा हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ ने भाग लिया। 
    डीआईजी रामकृष्ण साहू ने कहा कि नवीन तकनीक से सुसज्जित ईआरवी वाहनों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पुलिस सहायता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सतर्कता, जिम्मेदारी एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। 
   कार्यक्रम के अंत में बेमेतरा पुलिस द्वारा प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु रायपुर से आई C-DAC प्रशिक्षण टीम का आभार व्यक्त किया गया। 
    इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, रक्षित निरीक्षक बलौदाबाजार श्रीमती उषा ठाकुर, निरीक्षक सोनल ग्वाला, डीसीसी प्रभारी बेमेतरा निरीक्षक मयंक मिश्रा, डीसीसी प्रभारी मुंगेली सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कश्यप, डीसीसी प्रभारी बलौदाबाजार सहायक उपनिरीक्षक कमल किशोर देवांगन, कंट्रोल रूम एवं डायल-112 बेमेतरा के दिलीप सिंह सहित बेमेतरा, मुंगेली एवं बलौदाबाजार जिले के डायल-112 सेवा से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ