कक्षा पहली से 12 वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
स्थायी जाति प्रमाण पत्र निर्माण हेतु विकासखंडवार विशेष शिविरों का आयोजन
बेमेतरा 08 जुलाई 2026 - जिले में अध्ययनरत कक्षा पहली से 12 वीं तक के ऐसे विद्यार्थियों, जिनका स्थायी जाति प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बन पाया है, उनकी सुविधा एवं भविष्य में छात्रवृत्ति, प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विकासखंडवार विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र के साथ-साथ आवश्यकतानुसार निवास एवं आय प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड नवागढ़ में 04 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक, विकासखंड साजा में 08 जुलाई 2026 से 17 जुलाई 2026 तक, विकासखंड बेरला में 11 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 तक तथा विकासखंड बेमेतरा में 11 जुलाई 2026 से 08 अगस्त 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के आयोजन की स्थलवार एवं तिथिवार जानकारी जिले के सभी विद्यालयों को पूर्व में ही उपलब्ध करा दी गई है।
इन शिविरों में विद्यार्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जिससे उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समयबद्ध रूप से प्रमाण पत्र उपलब्ध हो सके।
इस संबंध में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों, संबंधित राजस्व अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर प्रातः 10 बजे से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर विद्यार्थियों के जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने सभी पालकों, विद्यार्थियों एवं संस्था प्रमुखों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर आयोजित शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने से वंचित न रहे। समय पर प्रमाण पत्र बनने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ इस विशेष अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।
0 टिप्पणियाँ