सौगात - क्षेत्रवासियों को नई सड़क की सुविधा के बजाएं मिल रही समस्या व मुसीबत की सौगात
अनदेखी - 06 फरवरी को पूर्ण होने वाली सड़क pwd विभाग के अधिकारी एवं ठेकेदार की मेहरबानी से आज तक नहीं हो सकीं पूर्ण
मामला - साजा ब्लाक के जानो चेचानमेटा सोहागपुर की 6.750 किमी सड़क निर्माण कार्य का
दर्द - सड़क के पूर्ण नहीं होने एवं सड़क मार्ग पर डली गिट्टी में चलने का दर्द इस पर आवागमन करने वाले ही बता सकते हैं
स्वीकृति - शासन ने Pwd विभाग से सड़क निर्माण कार्य के लिए 733.52 लाख की प्रशासकीय एवं 710 लाख की तकनीकि स्वीकृति
बेमेतरा 21 अगस्त 2026 - प्रशासनिक दावों और समीक्षा बैठकों की पोल खोलता एक गंभीर मामला साजा ब्लॉक से सामने आया है। जानो-चेचानमेटा-सोहागपुर मार्ग पर 6.750 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य अपनी निर्धारित पूर्णता तिथि के 7 महीने बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और ठेकेदार की कथित अनदेखी के चलते यह निर्माण कार्य लेट-लतीफी का शिकार हो चुकी है, जिसका खामियाजा रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
स्वीकृति और समय-सीमा का लेखा-जोखा
शासन द्वारा क्षेत्र की जनता को सुगम आवागमन की सुविधा देने के उद्देश्य से इस सड़क निर्माण को हरी झंडी दी गई थी :
प्रशासकीय स्वीकृति : 733.52 लाख
तकनीकी स्वीकृति : 710 लाख
कार्य आदेश की तिथि : 06 जून 2025
कार्य पूर्णता तिथि : 06 फरवरी 2026
सड़क पर बिखरी गिट्टियां दे रहीं हादसों को न्योता
तय समय-सीमा समाप्त हुए 7 माह का लंबा वक्त गुजर चुका है, लेकिन जमीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है। पूरी सड़क पर नुकीली गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए सफर किसी सजा से कम नहीं है। आए दिन गाड़ियों के टायर पंक्चर हो रहे हैं और गिट्टियों पर फिसलने से दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
अधिकारियों की चुप्पी और बैठकों के औचित्य पर उठे सवाल
जिला, संभाग और राज्य स्तर पर समय-समय पर विभागीय समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। ऐसे में साजा ब्लॉक का यह अधूरा निर्माण कार्य सीधे तौर पर प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है :
# क्या PWD विभाग के आला अधिकारी और ठेकेदार पर इन बैठकों के निर्देशों का कोई असर नहीं होता?
# क्या समीक्षा बैठकों के नाम पर महज कागजी खानापूर्ति और औपचारिकता निभाई जा रही है?
मांग - स्थानीय ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने और दोषी ठेकेदार व लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाश में आने के बाद जिम्मेदार महकमा नींद से जागता है या राहगीरों को यूं ही हादसों के साये में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस सड़क निर्माण में डामर कार्य बाकी हैं, बरसात के बाद जल्द पूर्ण कराया जाएगा। नवंबर तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने की संभावना हैं। ----- सागर साहू, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी साजा
0 टिप्पणियाँ