विद्यार्थियों ने लिया स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प
बेमेतरा 21 जून 2026 - जिले एवं दाढ़ी क्षेत्र के एकमात्र डीएवी व सीबीएसई विद्यालय मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी तथा अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान शरीर को स्वस्थ, मन को शांत एवं एकाग्र रखने के उपायों की जानकारी भी दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर एवं संपूर्ण जीवन पद्धति है। योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली एवं बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने तथा इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। योग न केवल रोगों से बचाव करता है, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से भी सशक्त बनाता है। विद्यालय सदैव शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करता रहा है और योग दिवस का यह आयोजन भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर जन प्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत सरपंच, पालकों, ग्रामीणजनों तथा विद्यालय परिवार की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व पर बल देते हुए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित भविष्य सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम के दौरान सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ रामकुमार निर्मलकर समाज सेवी व विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ललित देवांगन, अकलेश पटेल, अनिल चंद्रवंशी, गोविन्द साहू, अजय सेन, आयुषी जैन, विमल साहू, राजा तंतुवाय, अभिषेक दुबे, संदीप कुमार, रेणुका पटेल, साक्षी शर्मा, ऐश्वर्य देशमुख, ममता चंद्राकर, गायत्री सिन्हा, वर्षा वैष्णव, शोभारानी साहू, अनिल कुमार, प्रकाश भोई, प्रीति यादव, प्रांजलि ठाकुर, रौशनी वैष्णव, आर्या निधि, लेखनी चंद्राकर, भुनेश्वरी चंद्राकर एवं कुसुम सहित सुखदेव साहू, रूखमणी यादव, रामेश्वरी यादव, युवराज चंद्राकर, नरेश साहू, विजय चंद्राकर, कुंती यादव तथा अन्य कर्मचारियों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ, निरोग, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ