विद्यार्थियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर हुई नाराज, प्राचार्य एवं शिक्षकों को नोटिस देने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने खण्डसरा स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व विद्यार्थियों की उपस्थिति पर दिया जोर 
बेमेतरा 19 जून 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने शुक्रवार को खण्डसरा स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं हाई स्कूल का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार रहते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
  कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें बेहतर और प्रभावी तरीके से पढ़ाया जाए। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचने तथा अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति निर्धारित एप के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए। 
   निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजी एवं अवकाश आवेदन प्रक्रिया की भी जांच की। उन्होंने विद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों को संचालित करने, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित करने तथा बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी निर्धारित ब्लू-प्रिंट के अनुसार कराने के निर्देश दिए। 

विद्यार्थियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी 
निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल खण्डसरा में कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की जवाबदेही तय करते हुए संबंधित प्राचार्य एवं शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 
    कलेक्टर ने शिक्षा विभाग से विद्यार्थियों की कम उपस्थिति के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने तथा विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। 
  उन्होंने पालकों से नियमित संपर्क, गृह भ्रमण एवं बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी रखेगा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ