कोसपातर (बेरला) में धूमधाम से मनाया गया कबीर प्राकट्य उत्सव

शोभायात्रा में शामिल हुए पंथ के अनुयायी
बेमेतरा 25 जून 2026 - सद्गुरु कबीर साहेब का प्राकट्य उत्सव कोसपातर (बेरला) में गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस आयोजन में बेरला समेत आसपास के गांवों से हजारों कबीर पंथी अनुयायी पहुंचे। कार्यक्रम में शोभायात्रा निकाली गई, गुरु महिमा पाठ, ध्वज-निशान पूजा, आरती हुई। विशाल भंडारा भी लगाया गया था।
      गुरुवार सुबह 8 बजे से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। सुबह 9 बजे गुरु महिमा पाठ से कार्यक्रम शुरू हुआ। सुबह 11 बजे शोभायात्रा निकली। श्रद्धालु ध्वज-निशान लेकर नगर भ्रमण पर निकले। सद्गुरु कबीर साहेब के संदेशों का प्रचार किया। पूरे गांव में सत्यनाम के जयघोष गूंजे। शोभायात्रा के बाद ध्वज-निशान पूजा हुई। प्रवचन तोरण साहेब द्वारा सुनाया गया। भजन मंडलियों ने कबीर वाणी सुनाकर भजन प्रस्तुत किए। श्रद्धालु भाव-विभोर हुए। आसपास के दर्जनों गांवों से आई मंडलियों ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। 

समाज में फैली कुरीतियों को अपनी शिक्षाओं से उखाड़ने का किया प्रयत्न 
तोरण साहेब ने कहा कि कबीर साहेब ने समाज में फैली कुरीतियों (जात-पात, अंधविश्वास समाप्त करना आदि) को अपनी शिक्षाओं के माध्यम से जड़ से उखाड़ने के लिए प्रयत्न किए। 
   समिति प्रमुख तखत साहू ने कहा कि कबीर साहेब ने अपनी वाणियों के माध्यम से काल ब्रह्म की असलियत को दुनिया के सामने पेश किया और जीवात्माओं के इस काल लोक में जन्म लेने और मरने के रहस्य से पर्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब के दोहों ने हमेशा समाज को अंधविश्वास और पाखंड से ऊपर उठकर उन्हें एक पूर्ण परमात्मा की भक्ति करने के लिए प्रेरित किया है। 

भंडारे में श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद 
दोपहर 12 बजे भंडारा शुरू हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के प्रमुख तखत साहू ने समाजजनों को प्राकट्य उत्सव की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक एकता का माहौल दिखा। 

ये रहे उपस्थित 
आयोजन को सफल बनाने में समिति प्रमुख तखत साहू, गिरवर दास मानिकपुरी, समीर वर्मा, केजऊ साहेब, भगत साहेब, शिव मुनीम, केजू निषाद, भकला, भगत साहू, मुंशी साहू, नोहरी साहू, भागवत, केशव, खेमलता साहू, पुष्पा वर्मा, हीराबाई साहू, सूर्या साहेब सहित ग्रामवासी का सहयोग रहा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ