‘सेवा सेतु’ पोर्टल से घर बैठे मिल रहीं 441 से अधिक शासकीय सेवाएं : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई

नाम परिवर्तन एवं विवाह प्रमाण पत्र जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी हुईं ऑनलाइन 
बेमेतरा 23 जून 2026 - छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सेवा सेतु पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग कर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ लें तथा अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचें। 
    कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देते हुए अनेक नागरिक सेवाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, किसान किताब, भू-नकल, विवाह प्रमाण-पत्र सहित अनेक महत्वपूर्ण सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जा रही हैं। 

ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब बन सकेंगे विवाह प्रमाण-पत्र 
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने बताया कि पूर्व में ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह प्रमाण-पत्र बनवाने की प्रक्रिया अपेक्षाकृत जटिल थी, लेकिन अब यह सुविधा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध है। ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के नवविवाहित दंपत्ति अपने नजदीकी शासकीय सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से विवाह प्रमाण-पत्र हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 
    उन्होंने कहा कि विवाह प्रमाण-पत्र विभिन्न शासकीय योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में उपयोग किया जाता है। इसलिए पात्र दंपत्तियों को इस सुविधा का लाभ अवश्य लेना चाहिए। 

नाम परिवर्तन के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा राजनांदगांव 
कलेक्टर ने बताया कि अब आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में नाम परिवर्तन के लिए आवश्यक साधारण राजपत्र अधिसूचना (गजट नोटिफिकेशन) की प्रक्रिया भी सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है। पहले इस कार्य के लिए नागरिकों को राजनांदगांव स्थित शासकीय मुद्रणालय जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती थी। 
        अब जिले के नागरिक अपने नजदीकी शासकीय सेवा सेतु केन्द्र अथवा आधार सेवा केन्द्र में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा पूरी प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुगम होगी। 

नाम परिवर्तन हेतु आवश्यक प्रक्रिया 
नाम परिवर्तन के लिए आवेदक को भारतीय स्टेट बैंक की किसी भी शाखा में 430 रुपये का चालान निर्धारित मद (हेड-0058 मुद्रण तथा लेखन सामग्री, 102 राजपत्र आदि के प्रकाशन एवं अन्य प्रक्रियाएं) के अंतर्गत जमा करना होगा। 

इसके अतिरिक्त आवेदक को निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे 
- 50 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर प्रारूप-3 में नोटरीकृत शपथ पत्र। 
- स्थानीय समाचार पत्र में प्रारूप-1 के अनुसार नाम परिवर्तन संबंधी सूचना का प्रकाशन तथा उसकी मूल प्रति। 
- दो गवाहों के नाम, हस्ताक्षर एवं पते सहित प्रारूप-2 में तैयार मूल घोषणा पत्र। 
- पुराने एवं नए नाम से संबंधित सत्यापन दस्तावेज। 
- शपथ पत्र में उल्लेखित सभी पहचान एवं प्रमाण-पत्रों की प्रतियां। 
- आवेदक एवं दोनों गवाहों के वैध शासकीय पहचान पत्र। 
  यह ध्यान रखना आवश्यक है कि शपथ पत्र एवं समाचार पत्र में प्रकाशित सूचना आवेदन की तिथि से तीन माह से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। 

जिलेवासियों से अधिकाधिक लाभ लेने की अपील 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई ऑनलाइन सेवाओं का अधिकतम उपयोग करें। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी, त्वरित एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों को घर के नजदीक ही विभिन्न शासकीय सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुशासन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आमजन की सुविधा और प्रशासनिक कार्यों की सरलता सुनिश्चित कर रही है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ