बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्यवाही : CEIR पोर्टल से 110 गुम मोबाइल बरामद, किया गया मालिकों को वापस
बेमेतरा पुलिस ने CEIR पोर्टल से अब तक 571 गुम मोबाइल बरामद, लगभग 01 करोड की संपत्ति उनके वास्तविक मालिकों को किए गए सुपुर्द
बेमेतरा 30 मई 2026 - बेमेतरा जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर बेमेतरा पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष अभियान आम नागरिकों के लिए राहत और विश्वास का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है। आज 30 मई 2026 को पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य (IPS) के निर्देशन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के नेतृत्व में CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) के माध्यम से चलाए गए अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से 110 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए।
इस अभियान के अंतर्गत बरामद किए गए 110 मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1650000 रुपये (16.50 लाख रुपये) आंकी गई है। लंबे समय से अपने मोबाइल गुम हो जाने से निराश नागरिकों के चेहरों पर मोबाइल वापस पाकर खुशी और संतोष साफ झलकता दिखाई दिया। मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान कई प्रार्थियों ने बेमेतरा पुलिस के इस प्रयास की खुले दिल से सराहना की।
डीआईजी रामकृष्ण साहू (IPS) ने बताया कि जिले में खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गहन विश्लेषण कर यह कार्रवाई की गई। इस पूरे अभियान को सफल बनाने में साइबर नोडल अधिकारी एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने तकनीकी दक्षता और सतर्कता के साथ कार्य किया।
अपील - डीआईजी रामकृष्ण साहू ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, साइबर सेल अथवा CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in ) पर दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की ट्रैकिंग कर उसे शीघ्र रिकवर किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध पर नियंत्रण ही नहीं, बल्कि आम जनता की अमानत को सुरक्षित रूप से वापस लौटाना भी है।
मोबाईल स्वामियों के चेहरे पर खुशी
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान कई मोबाइल स्वामियों ने बताया कि मोबाइल गुम हो जाने के बाद उन्होंने उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) के माध्यम से चलाए गए अभियान के तहत जब उन्हें उनका मोबाइल वापस मिला, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल स्वामियों ने डीआईजी रामकृष्ण साहू एवं पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बेमेतरा में अब तक 571 मोबाईल बरामद
जिले में अब तक CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) के माध्यम से अभियान चलाकर 571 गुम मोबाइल बरामद, लगभग 01 करोड रूपये की संपत्ति उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए।
मोबाइल वितरण के दौरान डीएसपी राजेश कुमार झा, साइबर नोडल अधिकारी एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार एवं रीडर -1 निरीक्षक कृष्णकांत सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उक्त अभियान की सफलता में प्रभारी साइबर सेल बेमेतरा निरीक्षक मयंक मिश्रा, प्रधान आरक्षक मोहित चेलक, लोकेश सिंह, योगेश यादव, आरक्षक पंचराम घोरबंधे, विनोद सिंह राजपूत, पीलाराम साहू, नुरेश वर्मा, संजय पाटिल, रेखन साहू, जय किशन साहू, मुकेश माहिरे, सहित संपूर्ण साइबर सेल टीम एवं थाना/चौकी प्रभारियों व उनके स्टाफ की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
बेमेतरा पुलिस की यह पहल न केवल तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण है, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुई है।