राजीव भवन रायपुर के बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के साथ ब्लाक व शहर अध्यक्ष हुए शामिल
बेमेतरा 02 मई 2026 - रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बेमेतरा जिला कांग्रेस की सक्रिय सहभागिता, संगठन सुदृढ़ीकरण के साथ महिला आरक्षण मुद्दे पर भाजपा की मंशा उजागर करने एवं गांव-गांव अभियान चलाने का महत्वपूर्ण संकल्प लिया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में रायपुर स्थित राजीव भवन में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अहम बैठक में एआईसीसी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में संगठनात्मक मजबूती, जनहित के मुद्दों एवं आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उक्त बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा विशेष रूप से सम्मिलित हुए। उनके साथ बेमेतरा जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं शहर अध्यक्षों की भी सक्रिय उपस्थिति रही, जिसने जिले की संगठनात्मक एकजुटता और मजबूती को प्रदर्शित किया।
बैठक में भाग लेते हुए श्री छाबड़ा ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के अपने संकल्प को पुनः दोहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने एवं संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में महिला आरक्षण के मुद्दे पर विशेष रूप से गहन चर्चा की गई। यह सवाल प्रमुखता से उठाया गया कि वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को वर्तमान परिस्थितियों एवं सीटों के अनुसार लागू करने में भाजपा सरकार देरी क्यों कर रही है। इस संबंध में बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के नाम पर महिलाओं की भावनाओं से हो रहे खिलवाड़ एवं भाजपा के राजनीतिक षड्यंत्र को उजागर करेगी। इसके लिए गांव-गांव, प्रत्येक बूथ, ब्लॉक, जिला, वार्ड एवं पूरे प्रदेश स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, जिससे आम जनता तक सच्चाई पहुंचाई जा सके।
इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीतियों, जनसंपर्क अभियान तथा आम जनता के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने को लेकर गहन चर्चा की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज, सह प्रभारी विजय जांगिड़, मलकीत सिंह गेंदु, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रभारी सचिव एस सम्पत जरिता लैतफलांग, देवेंद्र यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेतागण एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
अंत में सभी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने, गांव-गांव तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा जनहित के मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करने का संकल्प लिया।