जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने शिविर में हितग्राहियों को प्रदान किया उनके सपनों के पक्के घर की चाबियों एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण

सुशासन तिहार 2026, बेरला ब्लाक के ग्राम सांकरा के समाधान शिविर में हितग्राहियों को  मिला योजना का लाभ व जानकारी 
बेमेतरा 29 मई 2026 - शासन द्वारा 1 मई से 10 जून तक आयोजित किए जा रहे "सुशासन तिहार 2026" के अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही आवश्यक सामग्री एवं दस्तावेज वितरित किए गए। 
   शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित पक्के आवासों की चाबियां, स्वीकृति पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए। इसके साथ ही पात्र परिवारों को राशन कार्ड तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित सामग्री एवं लाभ भी वितरित किए गए। अपने सपनों के पक्के घर की चाबी प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। 
      इस अवसर पर मुख्य अतिथि अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने हजारों ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है तथा कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया है। 
     उन्होंने बताया कि "आवास प्लस 2.0" के माध्यम से ऐसे पात्र एवं वंचित परिवारों का सर्वे एवं पंजीयन किया जा रहा है, जिन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। आगामी समय में उन्हें भी योजना से जोड़कर पक्के आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अन्य पात्र परिवारों को भी योजनाओं की जानकारी देने का आग्रह किया। 
       शिविर में उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।