खादी ग्रामोद्योग कार्यालय में कार्य दिवस व समय में ताला

कार्यालयीन समय में कार्यालय बंद  

कार्यालय में ताला लगे होने से बैरंग व उदास लौट रहे ग्रामीण 
बेमेतरा 16 मई 2026 - जिला मुख्यालय में संचालित छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के कार्यालय में शुक्रवार 15 मई को कार्यालयीन समय पर ताला बंद मिला। वहीं कार्यालय में आए ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि इस कार्यालय में अक्सर ताला लटके रहता हैं। 
    कार्यालय में कार्य दिवस व समय पर ताला लगे रहने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसके चलते अपने जरूरी कार्यों के लिए दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें बिना काम कराए ही भटकने व वापस लौटने को मजबूर होना पड़ रहा है। 
     ज्ञात हो कि यह कार्यालय जिला पंचायत कार्यालय के बाजू वाले भवन में संचालित होता हैं। इस भवन में इस कार्यालय के अलावा समाज कल्याण, बाल संरक्षण एवं आयुर्वेदिक विभाग एक साथ संचालित होता है। 
   इस कार्यालय की स्थिति यह है कि जहां बाकी तीनों विभागों के अधिकारी कर्मचारी पूरे समय अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं, वहीं खादी ग्रामोद्योग के जिम्मेदार अफसर और स्टाफ अक्सर नदारद रहते हैं। वही कार्यालय पर ताला बंद होने के बावजूद वहां पर बंद रहने का कारण या सूचना तक चस्पा नहीं किया जाता, जिससे रोजाना आने वाले ग्रामीणों में असमंजस और भारी आक्रोश व्याप्त है। 
इसी कड़ी में बीते शुक्रवार को भी जब कार्यालय में ताला लटका मिला, तो इस संबंध में जानकारी लेने के लिए बाजू के अन्य विभाग से पता लगाने पर उनके द्वारा फोन नंबर लगे होने की बात बताते हुए फोन से संपर्क करने की बात कही गई। 
   गौरतलब है कि इससे पूर्व इस पदस्थ रहे अधिकारी का कार्यकाल भी काफी विवादों और सुर्खियों में रहा था, जिसके बाद अब नए अधिकारी के समय में भी व्यवस्था जस की तस बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान में लेने की जरूरत है। 

     हमारे यहां मात्र दो स्टाफ हैं, शिविर में जाने के कारण कार्यालय बंद करते हैं, सूचना चस्पा किया गया था, हवा में उड़ गया होगा। 
     -------- बीके निर्मलकर, सहायक, खादी ग्रामोद्योग बेमेतरा