जंगलपुर-हरिहरपुर मार्ग निर्माण हेतु बजट प्रस्ताव प्रेषित, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग की नवागढ़ ब्लाक में संवेदनशील पहल 
बेमेतरा 14 मई 2026 - जिलें के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम जंगलपुर से हरिहरपुर तक लगभग 2 किलोमीटर सड़क निर्माण के संबंध में जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की है।  
    कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग निर्माण हेतु आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। 
   लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में सड़क निर्माण कार्य को शामिल करने हेतु अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग दुर्ग मंडल को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है। बजट स्वीकृति प्राप्त होते ही सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाएगा। 
    उल्लेखनीय है कि ग्राम हरिहरपुर में सड़क निर्माण नहीं होने के कारण जनगणना एवं सुशासन तिहार के बहिष्कार संबंधी खबर सोशल मीडिया में प्रसारित हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। 
   जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों की सुविधा एवं आवागमन को बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच में बड़ी राहत मिलेगी। 
         ग्रामीण क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने से विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों एवं आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा। बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को इस मार्ग के निर्माण के बाद काफी सुविधा प्राप्त होगी। प्रशासन का मानना है कि सड़क विकास किसी भी क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता है और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं सामाजिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है। 
     कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बजट स्वीकृति की प्रक्रिया में सतत समन्वय बनाए रखते हुए कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। 
     जिला प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि आमजन से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।