साजा बेमेतरा में एसीबी की बड़ी कार्यवाही

15 हजार की रिश्वत लेते पटवारी ओमकार सोनवानी रंगे हाथ गिरफ्तार 

किसान की शिकायत पर कार्यवाही से राजस्व विभाग में मचा हड़कंप, कार्यवाही की राज्य में रही चर्चा 
बेमेतरा 25 मई 2026 - बेमेतरा जिले के साजा मुख्यालय में सोमवार 25 मई को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी और चर्चित कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे साजा क्षेत्र सहित राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है। अचानक हुई ACB की दबिश से कार्यालयों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।  
     बताया जा रहा है कि आरोपी पटवारी लंबे समय से एक किसान को जमीन बंटवारे के कार्य के नाम पर परेशान कर रहा था और काम करने के एवज में मोटी रकम की मांग कर रहा था। 

बिना पैसे के काम नहीं, पैसे के बाद भी काटा जाता था चक्कर 
मिली जानकारी के अनुसार, साजा क्षेत्र के किसान नरोत्तम साहू अपनी जमीन के बंटवारे संबंधी कार्य को लेकर पिछले करीब चार महीनों से लगातार पटवारी कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। किसान का आरोप है कि हर बार किसी न किसी बहाने से उनका काम टाल दिया जाता था और पटवारी ओमकार सोनवानी द्वारा सीधे तौर पर पैसों की मांग की जा रही थी। पहले पटवारी ने काम कराने के लिए 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान आर्थिक रूप से परेशान था और लंबे समय से सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाकर थक चुका था। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 15 हजार रुपये में तय हुई। 

दो हल्का देखता था पटवारी, कार्यालय डोंगीतराई में 
उक्त आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी साजा तहसील में पदस्थ था, वह साजा तहसील क्षेत्र में दो हल्का बोड़ व केवतरा के चार्ज में था। अपना निजी कार्यालय ग्राम डोंगीतराई में एक कमरे को किराए पर लेकर संचालित करता था। सोमवार 25 मई को एसीबी की टीम ने किसान नरोत्तम साहू की शिकायत पर इसी कार्यालय में योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर कार्यवाही करते हुए उक्त आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। 

राजस्व विभाग के भ्रष्टाचार से थे लोग परेशान व त्रस्त, शिकायत पर हुई कार्यवाही 
लगातार हो रही मांग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान किसान ने आखिरकार इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पूरे मामले की गोपनीय तरीके से जांच शुरू की। अधिकारियों ने शिकायत की पुष्टि करने के बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए विशेष योजना बनाई। सोमवार 25 मई को ACB की टीम ने साजा मुख्यालय में जाल बिछाया और शिकायतकर्ता किसान को केमिकल युक्त 15 हजार रुपये देकर पटवारी के पास भेजा गया।

योजनाबद्ध तरीके से हुई कार्यवाही 
बताया जा रहा है कि जैसे ही किसान ने आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी को रिश्वत की रकम सौंपी, उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ही आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें केमिकल के असर से उसके हाथ गुलाबी हो गए। इसके बाद ACB अधिकारियों ने आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। 
कार्यवाही की खबर से साजा तहसील और राजस्व विभाग में मच गया हड़कंप 
इस बड़ी कार्यवाही की खबर फैलते ही साजा तहसील कार्यालय और राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारी और कर्मचारी दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चा करते नजर आए। कई लोगों का कहना है कि राजस्व विभाग में आम जनता से काम के एवज में पैसे मांगने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं, लेकिन इस तरह की खुली कार्रवाई के बाद अब विभाग के कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों ने ACB की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार ऐसी कार्रवाई होती रहनी चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। 

एसीबी की टीम पटवारी की संपत्ति, कार्यकाल और अन्य मामलों की जानकारी में जुटी 
सूत्रों के अनुसार, ACB अब आरोपी पटवारी की संपत्ति, उसके कार्यकाल और अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। संभावना जताई जा रही है कि जांच के दौरान कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। वहीं किसान वर्ग में इस कार्यवाही के बाद राहत और संतोष का माहौल देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्यवाही हो, तो आम जनता को सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा। एसीबी की कार्यवाही से क्षेत्र के लोगों में खुशी देखी जा रही हैं। 

भ्रष्टाचार को लेकर सभी शासकीय विभाग चर्चा में 
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर शासकीय विभागों में फैले भ्रष्टाचार के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। साजा में हुई इस कार्यवाही को जिले की बड़ी कार्यवाही माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इसका असर अन्य विभागों में भी देखने को मिल सकता है। फिलहाल ACB की टीम आरोपी पटवारी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।