सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा होटल, ढाबों, भीड़-भाड़/सार्वजनिक/सुनसान क्षेत्रों में विशेष चेकिंग और पैदल गश्त पेट्रोलिंग जारी

डीआईजी रामकृष्ण साहू के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस द्वारा विजिबल पुलिसिंग एवं चेकिंग अभियान की लगातार कार्यवाही जारी  

पैदल गश्त एवं पेट्रोलिंग के माध्यम से अपराधियों पर सख्ती तथा हुड़दंगियों पर कड़ी कार्यवाही का दिया गया संदेश 
बेमेतरा 21 मई 2026 - अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा जिले में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा सतत विजिबल पुलिसिंग, संवेदनशील क्षेत्रों एवं अड्डेबाजी स्थलों पर लगातार पैदल गश्त पेट्रोलिंग तथा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 
    इसी क्रम में दिनांक 20 मई 2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, सउनि रेशम लाल भास्कर, उदलराम टांडेकर, दीनानाथ सिन्हा, प्रधान आरक्षक भूषण ठाकुर, आरक्षक पुरुषोत्तम कुंभकार, कुसुम कोशले, चुरावन पाल सहित पेट्रोलिंग टीम एवं अन्य पुलिस बल द्वारा थाना क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त एवं चेकिंग की गई। 
बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा होटल, ढाबों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं सुनसान क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान जमावड़ा लगाकर नशा करने वालों, गुटबाजी एवं अड्डेबाजी करने वालों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। संदिग्ध वाहनों की डिक्की की तलाशी ली गई तथा रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई। 
     सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने, शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने, सार्वजनिक मैदान, पार्क, चौक-चौराहों एवं चार पहिया वाहनों के भीतर बैठकर शराब पीने वालों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। 
  बेमेतरा पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके तथा जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जा सके।