बेमेतरा 30 अप्रैल 2026 - छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में बेमेतरा जिले की प्रतिभाशाली बेटी कु. ओमनी वर्मा ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक नया इतिहास रच दिया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बेमेतरा की वाणिज्य संकाय की छात्रा ओमनी की इस असाधारण उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और विद्यालय बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू स्वयं छात्रा के निवास स्थान पहुँचे और उन्हें मिठाई खिलाकर, पुष्पगुच्छ एवं डायरी भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने छात्रा, उनके माता-पिता एवं शिक्षकों को हृदय से बधाई दी और इस सफलता को पूरे बेमेतरा की सामूहिक उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने भावनात्मक शब्दों में कहा ओमनी जैसी बेटियाँ सिर्फ अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का मान बढ़ाती हैं। यह सफलता केवल अंकों की नहीं है, यह संघर्ष, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास की जीत है। जब एक साधारण परिवार की बेटी, सरकारी विद्यालय में पढ़ते हुए पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराती है, तब यह संदेश पूरे समाज तक पहुँचता है कि सपनों को पूरा करने के लिए संसाधनों से अधिक जरूरी हौसला और मेहनत होती है।”
उन्होंने आगे कहा आज ओमनी ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। अगर इरादे मजबूत हों, तो हर चुनौती रास्ता बन जाती है। यह उपलब्धि उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ओमनी भविष्य में और भी ऊँचाइयों को छुएगी और देश-प्रदेश का नाम रोशन करेगी।”
विधायक श्री साहू ने विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में असीम क्षमता है। जरूरत है तो केवल उन्हें सही दिशा, प्रोत्साहन और अवसर देने की। ओमनी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि हमारे शासकीय विद्यालय किसी भी निजी संस्थान से कम नहीं हैं।”
उन्होंने छात्रा के माता-पिता और शिक्षकों के योगदान को भी नमन करते हुए कहा हर सफल विद्यार्थी के पीछे उसके माता-पिता का त्याग और शिक्षकों का मार्गदर्शन होता है। मैं ओमनी के माता-पिता और उनके गुरुजनों को भी इस उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई देता हूँ, जिन्होंने उसे सही दिशा और संस्कार दिए।”
अंत में विधायक दीपेश साहू ने छात्रा को आश्वस्त करते हुए कहा ओमनी यह तो तुम्हारी उड़ान की शुरुआत है। आगे का आकाश और भी विस्तृत है। जब भी तुम्हें किसी भी प्रकार की आवश्यकता हो, बिना संकोच मुझे याद करना। तुम्हारे सपनों को पंख देने के लिए मैं हर समय तुम्हारे साथ खड़ा हूँ।” यह ऐतिहासिक सफलता न केवल बेमेतरा जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बन गई है।