विधायक गृहग्राम बिरनपुर के जप्त वाहनों में 1 जेसीबी व 1 हाईवा मुरम खनन में और रेत परिवहन में 4 हाईवा वाहनों को जप्त कर सहायता केंद्र बिरनपुर के सुपुर्द किया
अवैध मुरूम खनन व रेत परिवहन पर कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की कार्यवाही
विगत दिनों खनिज विभाग ने भी कार्यवाही कर जेसीबी को किया था जप्त, मगर हाईवा वाहनों को भागने में मिली थी सफलता
बेमेतरा 21 मई 2026 - बेमेतरा जिले के साजा ब्लाक के बिरनपुर जो कि विधायक गृहग्राम हैं में लंबे समय से मुरम खनन कार्य लगातार जारी हैं। इस ग्राम में खनिज विभाग कई बार जांच में आया, मगर कभी खाली लौटना पड़ा तो एक बार मुरम खनन में लिप्त जेसीबी मशीन मिली। वहीं इस ग्राम में सक्रिय खनन माफियाओं के खिलाफ अब प्रशासन ने सख्त रुख दिखाया है। तहसीलदार साजा विनोद कुमार बंजारे के नेतृत्व में जानकारी मिलने पर ग्राम बिरनपुर में की गई औचक जांच व कार्यवाही के दौरान अवैध मुरम उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और मुरूम से लदी एक हाईवा को जब्त कर अवैध खनन का प्रकरण बनाया गया है।
प्रशासनिक टीम को अचानक मौके पर देख खनन स्थल पर भगदड़ मच गई। कई खननकर्ता वाहन सहित फरार हो गए। जब्त वाहनों को साजा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र बिरनपुर परिसर में सुरक्षित रखा गया है और संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं अवैध रेत परिवहन करते हुए 4 हाईवा वाहनों पर भी कार्यवाही करते हुए जप्त किया गया, जप्त वाहनों को भी पुलिस सहायता केंद्र बिरनपुर में रखा गया।
साजा ब्लाक के ग्राम बिरनपुर क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध मुरम खनन चलने की सूचना साजा तहसीलदार को मिली, जिस पर उनके द्वारा इस सूचना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। जिस पर बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश व एसडीएम साजा पिंकी मनहर के मार्गदर्शन पर साजा तहसीलदार विनोद कुमार बंजारे द्वारा तत्काल मौका स्थल पर पहुंच कर इस अवैध खनन कारोबार पर कार्यवाही करते हुए मुरम खनन कार्य में संलग्न 1 जेसीबी व 1 हाईवा पर कार्यवाही करते हुए जब्त किया गया। जब्त वाहनों को पुलिस सहायता केंद्र बिरनपुर थाना साजा की अभिरक्षा में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब्त वाहनों में अवैध मुरम खनन में लिप्त 1 हाइवा CG 04 NV 7181 वाहन मालिक संजय प्रजापति, जेसीबी CG 04 PJ 7181 को जब्त कर अवैध खनन पर कार्यवाही की गई।
वहीं अवैध रेत परिवहन करते 4 हाईवा CG 04 NK 0724 मालिक संतोष साहू, CG 12 BH 2705 मालिक जागेश्वर डडसेना, CG 09 JQ 6107 मालिक जयपाल पटेल, CG 04 PS 8640 को भी जप्त किया गया।
बिरनपुर के खनन पर उठे सवाल, लग रहे आरोप
जिलें के साजा ब्लाक के ग्राम बिरनपुर में बिना अनुमति के लंबे समय से अवैध मुरम खनन व परिवहन की जानकारी आ रही थी, मगर खनिज विभाग को जांच में सफलता नहीं मिल रही थी। वहीं विगत दिनों ग्राम बीजागोड़ में भी अवैध खनन व परिवहन पर कार्यवाही राजस्व विभाग द्वारा कार्यवाही कर एक जेसीबी व 1 हाईवा को जब्त किया गया था। इस कार्रवाई के बाद अब ग्रामीणों की नजरें बिरनपुर और चेचानमेटा क्षेत्र पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन जारी है, लेकिन खनिज विभाग के अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही माफियाओं को सूचना मिल जाती है और वे वाहन हटा लेते हैं। जिससे खनिज विभाग को खाली हाथ लौटना पड़ता हैं। विभाग का यह फंडा लोगों के बीच मजाक बनता नजर आ रहा हैं। जिसके कारण उन पर संरक्षण व सांठगांठ का आरोप भी लोगों द्वारा लगाया जा रहा हैं।
ज्ञात हो कि ग्राम बिरनपुर खास कर इसलिए भी चर्चा में हैं क्योंकि यह वर्तमान विधायक ईश्वर साहू का गृहग्राम भी हैं। जहां पर लगातार बड़े पैमाने पर अवैध खनन कार्य चलने की बातें आती रही हैं। ग्राम में अवैध खनन कार्य होना व कार्यवाही नहीं होना कई प्रश्नों व शंकाओं को जन्म दे रहा हैं। लोगों द्वारा यह भी अनुमान लगाया जा रहा था कि यह कार्य बिना अनुमति व संरक्षण के नहीं हो सकता।