भक्त माता कर्मा जयंती बावनलाख पर विधायक दीपेश साहू ने दिया स्वच्छता, विकास और एकता का संदेश
विधानसभा एवं जिला वासियों से अपने आसपास गली मोहल्ले की स्वच्छता बनाए रखने विधायक ने की विशेष अपील
बेमेतरा 05 अप्रैल 2026 - बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बावनलाख में परिक्षेत्रीय साहू संघ सरदा द्वारा आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय माँ कर्मा जयंती एवं इकाई पदाधिकारियों के सम्मान समारोह का कार्यक्रम ग्राम बावनलाख मे आयोजित किया गया। जिसमे क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भक्त माता कर्मा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विधायक श्री साहू ने माता कर्मा को नमन करते हुए क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की।
इस दौरान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक लोक कला मंच “लोक अंचल” रघुवीर साहू कृत के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
अपने संबोधन में विधायक दीपेश साहू ने आगे कहा कि भक्त माता कर्मा आज केवल साहू समाज की नहीं, बल्कि सर्व समाज की पूजनीय देवी हैं। उनके त्याग, बलिदान और प्रेरणादायी जीवन से हम सभी को सीख लेकर उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए, तभी हम एक आदर्श नागरिक बन सकते हैं और समाज को सही दिशा दे सकते हैं। श्री साहू ने कहा कि माँ कर्मा का जीवन सेवा, समर्पण और समाज के प्रति निस्वार्थ भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने बेमेतरा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण, पेयजल व्यवस्था के विस्तार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर लगातार कार्य किया जा रहा है। किसानों के लिए समर्थन मूल्य, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक श्री साहू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने परिक्षेत्रीय साहू समाज को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए समाज की एकजुटता की सराहना की।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा “मैं स्वयं एक शिक्षक रहा हूँ, इसलिए शिक्षा की आवश्यकता और उसकी ताकत को भली-भांति समझता हूँ। मैं सभी अभिभावकों से आग्रह करता हूँ कि वे अपने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षा दें, ताकि वे अपने जीवन में आगे बढ़कर देश, समाज और परिवार का नाम रोशन कर सकें। शिक्षा ही व्यक्ति के विकास का सबसे मजबूत आधार है।”
विधायक दीपेश साहू ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बावनलाख, आंदू, सिंगदेही, जामगांव क्षेत्रों में लगभग 12 किलोमीटर सड़कों के निर्माण के लिए करीब 28 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी, जिनमें सडक का अधिकांश हिस्सा बनकर तैयार हो चुकी हैं। इन सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिली है। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों में भी सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं, जिससे विशेषकर बरसात के समय होने वाली समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी।
विधायक श्री साहू ने कहा कि वर्तमान सरकार समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। किसानों के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, “महतारी वंदन योजना” के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास तथा “पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन मजदूर योजना” के अंतर्गत भूमिहीन परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नई योजना के तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर उन्हें 1.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जो उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता में सहायक होगी।
स्वच्छता को लेकर विशेष अपील
अपने संबोधन के अंत में विधायक दीपेश साहू ने समस्त विधानसभा एवं जिलावासियों से स्वच्छता बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि हमें अपने गांव, मोहल्ले और घर-परिवार के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की आदत विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा “जब हमारा आसपास का वातावरण स्वच्छ और सुंदर होगा, तो हमारा मन भी सकारात्मक और स्वच्छ रहेगा, जिससे हम एक अच्छे समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकेंगे।” विधायक ने अपील करते हुए कहा कि गली मोहल्लों, सड़कों, नालों, तालाबों और नदियों के आसपास सफाई रखें, कचरा इधर-उधर न फैलाएं और पॉलीथिन का उपयोग कर उसे सड़क किनारे न फेंकें। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त प्रहलाद रजक, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, नारद साहू, सूर्यकांत साहू, भारतभूषण साहू, माधुरी रवि परगनिहा, प्रगति लालू साहू, रेखराम साहू, बेनू राम साहू, नूतम साहू, मनहरण लाल साहू, सुरीत राम साहू, बहलराम साहू, सुमन साहू, तखत राम साहू, लक्ष्मी साहू, अरुण साहू, नंदकिशोर साहू, द्वारिका साहू, लखन साहू, नंदकुमार साहू, दिलीप साहू, भीखूराम साहू, छोटूराम साहू, कैलाश साहू, रघुवीर साहू, श्रीमती रंगीता साहू, खड़ानंद साहू, श्रीमती भारती साहू, जीवराखन साहू, केहर साहू, डॉ. गंगाराम साहू, डिगेश्वरी साहू, त्रिलोचना साहू, यामिनी साहू, जगराखन साहू, पुन्नूराम साहू, चुम्पी साहू, कुमारी साहू, लोमिन साहू, लखनी महिलांगे, केसर साहू, हेमचद्र साहू, लालराम साहू, केजराम साहू, पुनाराम यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।