वाहन मालिकों, ड्राइवरों और परिचालकों को यातायात नियमों के पालन एवं वाहनों के व्यवस्थापन के संबंध में की गई विस्तृत चर्चा
संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने किया गया निर्देशित
बेमेतरा 02 अप्रैल 2026 - पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, डीएसपी राजेश कुमार झा के मार्गदर्शन में यातायात बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 01 अप्रैल 2026 को बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा एवं यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो ने नगर पालिका बेमेतरा में शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से टैक्सी स्टैंड (पीकअप वाहन चालकों) से जुड़े वाहन मालिकों, ड्राइवरों और परिचालकों की बैठक आयोजित की।
बैठक में शहर में यातायात व्यवस्था तथा आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अपने सुझाव रखे और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई। सभी वाहन चालकों और परिचालकों से नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने तथा यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही जल्द ही आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया गया।
इसके अलावा सिग्नल चौक में लगे सिग्नल का पालन करने, सिग्नल जंप नहीं करने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा न करने, होटल एवं ढाबों के सामने सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने, पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने, संयमित गति से वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, यातायात सड़क संकेतों का पालन करने तथा किसी भी वाहन को चलाने के लिए उस वाहन का रजिस्ट्रेशन कार्ड, इंश्योरेंस एवं स्वयं का ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है इस संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि इनमें से किसी एक के अभाव में गंभीर नुकसान हो सकता है।
यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध लगे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने एवं पुलिस का यथासंभव सहयोग करने हेतु भी निर्देशित किया गया तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उद्देश्य - बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
इस दौरान प्रधान आरक्षक दौलत वर्मा सहित टैक्सी स्टैंड (पीकअप वाहन चालकों) से जुड़े वाहन मालिकों, ड्राइवरों एवं परिचालकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।