जिले में जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से करना हैं अत्यंत आवश्यक - जिला पंचायत बेमेतरा सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर

साजा व बेमेतरा के सरपंच-सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित, जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता  

मोर गांव मोर पानी महाअभियान में निरंतरता के लिए जिला पंचायत में समीक्षा 
बेमेतरा 02 अप्रैल 2026 - जिले में जल संरक्षण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मोर गांव मोर पानी महाअभियान के तहत साजा एवं बेमेतरा विकासखंड के सभी सरपंच एवं सचिवों की समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने की। 

मोर तरिया आय के जरिया थीम पर जोर 
बैठक में मोर तरिया आय के जरिया थीम के अंतर्गत तालाब निर्माण को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक घर में रिचार्ज पिट बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि इन कार्यों से जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी और भविष्य में जल संकट से बचाव संभव होगा। श्रीमती पद्माकर ने स्पष्ट किया कि जिले में जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी सरपंच एवं सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गंभीरता से लागू करें, जिससे ग्रामीणों को पेयजल समस्या से राहत मिल सके। 

मनरेगा एवं आवास योजनाओं की समीक्षा 
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया। श्रमिकों के लंबित भुगतान खातों में जमा होने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई। 

समय पर और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन के निर्देश 
सभी सरपंच एवं सचिवों को निर्देशित किया गया कि वे योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा के भीतर एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें। प्रशासन ने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही जल संरक्षण कार्यों को प्रभावी बनाया जा सकता है। 

दो चरणों में हुई समीक्षा 
बैठक में पहले चरण में जनपद पंचायत साजा के सरपंच-सचिवों की समीक्षा की गई, जबकि दूसरे चरण में जनपद पंचायत बेमेतरा की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

जल संसाधनों के संरक्षण की दिशा में पहल 
मोर गांव मोर पानी अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों से जिले के जल संसाधनों का संरक्षण होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की समस्या में कमी आएगी।