एक दिवसीय बेमेतरा के प्रवास पर मंत्री शर्मा ने बेरला अटल परिसर, बाजार चौक, बेमेतरा अटल परिसर, सिग्नल चौक एवं कारेसरा चौक में वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया नमन
उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा का विधायक दीपेश साहू ने किया भव्य स्वागत
बेमेतरा 05 अप्रैल 2026 - उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा आज एक दिवसीय बेमेतरा जिले के प्रवास पर रहे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम नगर पंचायत बेरला स्थित अटल परिसर, बाजार चौक, बेमेतरा अटल परिसर, सिग्नल चौक एवं करेसारा चौक पहुंचकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नमन किया।
इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के नेतृत्व में साजा एवं बेरला क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उपमुख्यमंत्री का भव्य एवं आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और गौरव से परिपूर्ण हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने अपने विस्तृत एवं ओजस्वी संबोधन में छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे ऐतिहासिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए एक नए युग की शुरुआत है।
उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रदेश के गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सशक्त नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नीति के कारण आज छत्तीसगढ़ नक्सलवाद जैसी गंभीर समस्या से मुक्ति की ओर तेजी से अग्रसर है।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुरक्षा, सुशासन और विकास का जो वातावरण बना है, उसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को मिला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा नक्सलवाद के विरुद्ध अपनाई गई कठोर और प्रभावी रणनीति ने इस समस्या की जड़ को कमजोर कर नक्सलवाद छत्तीसगढ़ से समाप्त किया है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए विकास कार्यों को गति दी गई है, जिससे आज प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक शांति और विकास की किरण पहुंच रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह सफलता केवल सरकार की नहीं, बल्कि हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, सुरक्षा बलों की सतत कार्यवाही और प्रदेश की जनता के सहयोग का परिणाम है। आज बेमेतरा सहित पूरा प्रदेश इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।
विधायक दीपेश साहू ने क्षेत्रवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रदेश को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और विकास की इस यात्रा में भागीदार बनें।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने एक स्वर में छत्तीसगढ़ को पूर्णतः नक्सलमुक्त एवं विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।