जालबांधा क्षेत्र के सक्रिय युवा नेता रिंकू गुप्ता को जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ में मिली सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

विधायक प्रतिनिधि की जिम्मेदारी का भी बखूबी किया निर्वहन, नियुक्ति से अंचल में खुशी की लहर 
खैरागढ़/जालबांधा - जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई (KCG) की नवनियुक्त कार्यकारिणी में जालबांधा क्षेत्र के सक्रिय युवा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि रिंकू गुप्ता को जिला सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की सहमति और जिला अध्यक्ष कोमल साहू के नेतृत्व में जारी इस सूची में रिंकू गुप्ता का नाम शामिल होना उनके लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। 

विधायक प्रतिनिधि के रूप में छोड़ चुके हैं छाप 
युवा नेता जालबांधा निवासी रिंकू गुप्ता कांग्रेस पार्टी के एक समर्पित सिपाही के रूप में क्षेत्र में अपनी पहचान रखते हैं। इससे पूर्व उन्होंने विधायक प्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। इस दौरान उन्होंने आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने और उनके त्वरित निराकरण में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनकी कार्यशैली को देखते हुए अब पार्टी ने उन्हें जिला संगठन में मुख्य भूमिका प्रदान की गई है। 

जालबांधा क्षेत्र में खुशी की लहर 
जालबांधा के रहने वाले रिंकू गुप्ता की इस नियुक्ति से स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि एक जमीनी कार्यकर्ता को संगठन में जगह मिलने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। 

संगठन को मिलेगा युवा नेतृत्व का लाभ 
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि रिंकू गुप्ता की नियुक्ति से जालबांधा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की पकड़ और अधिक मजबूत होगी। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता और प्रशासनिक कार्यों के अनुभव का लाभ आगामी समय में पार्टी को संगठनात्मक गतिविधियों में स्पष्ट रूप से मिलेगा। 

"पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करूँगा। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में संगठन को जिला से लेकर ब्लॉक और ग्राम स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना ही मेरी प्राथमिकता होगी।" ---- रिंकू गुप्ता, नवनियुक्त सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ (KCG)