सच्ची भक्ति सेवा, ईमानदारी और मेहनत में निहित होने का संदेश दिया हैं माता कर्मा ने - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी

ग्राम जामगांव (सरदा) के कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी 
बेमेतरा 10 अप्रैल 2026 - बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम जामगांव (सरदा) में आयोजित भक्त माँ कर्मा जयंती महोत्सव कार्यक्रम में जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने माँ कर्मा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं समाज की उन्नति की कामना की। 
   ग्रामीण इकाई साहू समाज एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं के साथ अत्यंत उत्साहपूर्वक किया गया। 
     कार्यक्रम के दौरान लोककथा पंडवानी गायिका दुर्गा साहू (ग्राम सिंघौरी जिला कबीरधाम) द्वारा प्रस्तुत पंडवानी की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति के माध्यम से पारंपरिक लोककथा और संस्कृति की झलक देखने को मिली, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और उत्साह से भर गया। 
      इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि माँ कर्मा का जीवन परिश्रम, सेवा, त्याग और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि माँ कर्मा ने अपने कर्म और आचरण से समाज को यह संदेश दिया कि सच्ची भक्ति सेवा, ईमानदारी और मेहनत में निहित होती है। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, विश्वास और समर्पण के साथ कार्य करते रहना चाहिए। 
   अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक परंपरा निभाने का माध्यम नहीं होते, बल्कि यह समाज को एकजुट करने, संस्कारों को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज एक साथ मिलकर अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा व्यक्त करता है, तो इससे आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने आगे कहा कि माँ कर्मा का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना पहले था। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करना चाहिए। 
     विशेष रूप से महिलाओं के लिए माँ कर्मा प्रेरणास्रोत हैं, जो आत्मबल, संघर्ष और सेवा भावना का प्रतीक हैं। अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए आवश्यक है कि हम सभी मिलकर शिक्षा, संस्कार और संगठन को प्राथमिकता दें तथा एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ें। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि माँ कर्मा के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में एकता, समरसता और सेवा भाव को और अधिक सुदृढ़ करें। 
     कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने माँ कर्मा जयंती को श्रद्धा, उत्साह एवं भक्ति भाव के साथ मनाया। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, उत्साह और सांस्कृतिक गौरव का सुंदर वातावरण देखने को मिला। 
 उपस्थित अतिथि एवं पदाधिकारीयों में श्रीमती माधुरी रवि परगनिहा अध्यक्ष जनपद पंचायत बेरला, शुभम वर्मा उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बेरला, संरक्षक रामलाल साहू, सलाहकार यादोराम साहू, सरपंच मनहरण साहू, अध्यक्ष डॉ. वैतराम साहू, उपाध्यक्ष कुमार साहू, कोषाध्यक्ष नारायण साहू, सचिव भूपत राम साहू, संगठन सचिव रामखिलावन साहू, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती परदेशनीन साहू, संगठन सचिव श्रीमती गोमती साहू, परिक्षेत्र प्रतिनिधि आनंदराम साहू, तहसील प्रतिनिधि प्रभुराम साहू, प्रचार सचिव छबीराम साहू, युवा प्रकोष्ठ फत्तेराम साहू, समाज सेवक फेरहाराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।