एफएलएन सह नवाजतन वॉरियर्स के लिए हुआ शिक्षक आशीष वर्मा का चयन

छत्तीसगढ़ से 100, बेमेतरा से लगभग 12, वहीं बेमेतरा ब्लाक से एकमात्र शिक्षक आशीष वर्मा का चयन 

एफएलएन वॉरियर्स के चयन के लिए हुआ था तीन चरणों में परीक्षण 
बेमेतरा 03 अप्रैल 2026 - बेमेतरा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला आंदू में पदस्थ शिक्षक आशीष वर्मा का चयन वर्ष 2026 एफएलएन वॉरियर्स पुरस्कार हेतु हुआ है। ज्ञात हो की छत्तीसगढ़ राज्य स्तर पर सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों में आधारभूत भाषाई कौशल एवं गणितीय कौशल की दक्षता प्राप्त करने के लिए शिक्षकों के मध्य एफएलएन वॉरियर्स चैलेंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें शिक्षक आशीष वर्मा ने भी यह चैलेंज स्वीकार करते हुए इस प्रतियोगिता में भाग लिया। 

राज्य में 100 शिक्षकों का चयन, बेमेतरा ब्लाक से एक आशीष वर्मा 
छत्तीसगढ़ राज्य से 100 शिक्षकों का चयन किया गया है। वहीं बेमेतरा जिले से लगभग 12 शिक्षकों का चयन हुआ हैं। जिसमें बेमेतरा विकासखंड से एकमात्र शिक्षक आशीष वर्मा का चयन हुआ हैं। शिक्षक आशीष वर्मा के द्वारा अपने शिक्षकीय दायित्व के साथ-साथ शासन द्वारा सौंप गए अन्य कार्यों एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को भी निर्धारित समय पर पूरा किया गया। एफएलएन वॉरियर्स पुरस्कार के लिए चयनित होना समूचे बेमेतरा विकासखंड के लिए गौरव की बात है। 

तीन चरणों में परीक्षणों के आधार पर चयन 
एफएलएन वॉरियर्स का चयन तीन चरणों में किए गए परीक्षणों के आधार पर किया गया है। जिसमें पहला परीक्षण कक्षा का ऑनलाइन परीक्षण, जिसमें बच्चों से भाषाई दक्षता के अलावा गणित कौशल से संबंधित सवाल जवाब किए गए। शिक्षक द्वारा कक्षा में अपनाया जा रहे नवाजतन के छह बिन्दुओ का मूल्यांकन किया गया। दूसरा चरण शिक्षक द्वारा अपने विद्यालय में बच्चों के लिए शिक्षण के लिए कराई गई गतिविधियों से संबंधित फोटोग्राफ एवं सहायक शिक्षक सामग्री के उपयोग से संबंधित समस्त दस्तावेज का ऑनलाइन जमा किया जाना, तत्पश्चात उसका परीक्षण किया जाना। अंतिम एवं तीसरा चरण शिक्षकों का मौखिक साक्षात्कार रहा है, इन तीनों ही चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर एफएलएन वॉरियर्स का चयन किया गया है। 

आयोजन का द्वितीय वर्ष, मुख्य अतिथि होंगे शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव 
यह पुरस्कार एफएलएन सह नवाजतन रिसोर्स शिक्षक परिवार द्वारा विगत वर्ष से दिया जा रहा है। यह इस आयोजन का द्वितीय वर्ष है, जिसमें शिक्षक राज्य छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय विद्यालयों में नवाजतन NEP 2020 आधारित शिक्षा 21वीं सदी में शिक्षण शास्त्र के माध्यम से 100% बच्चों को जीएलएन में दक्ष करने वाले कक्षा अनुरूप उसके उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों का सम्मान संस्था द्वारा किया जाएगा। जिसमें मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा अन्य अतिथियों में एससीईआरटी संचालक सहित अन्य अधिकारी रहेंगे। 

    शिक्षक आशीष वर्मा ने इसका श्रेय जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन को दिया है, जिनके कुशल निर्देशन में शासकीय प्राथमिक शाला आंदू में एफएलएन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सका।