जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक संम्पन्न, जल संकट पर राहत कार्यों में जोर
जल संकट पर सख्ती : अधूरे कार्यों पर समन्वय से कार्य करने के साथ ठेकेदारों पर कार्यवाही के निर्देश
बेमेतरा 09 अप्रैल 2026 - जिला पंचायत बेमेतरा में आज सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक की कार्यवाही एवं पालन प्रतिवेदन की समीक्षा के साथ हुई। इसके बाद केडा, विद्युत, उद्योग, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), जल संरक्षण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, श्रम तथा स्वास्थ्य विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत सड़कों की स्थिति, मरम्मत और अनुबंध से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
जल संकट पर राहत कार्य के निर्देश
गर्मी के बढ़ते प्रभाव और संभावित जल संकट को देखते हुए अध्यक्ष श्रीमती तिवारी ने पीएचई एवं विद्युत विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खराब पड़े बोर एवं हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुधारने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।
अधूरे कार्यों पर नाराजगी, ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट व कार्रवाई के निर्देश
जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे नल-जल योजना कार्यों को लेकर अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधूरे कार्य छोड़ने या गुणवत्ता में कमी बरतने वाले ठेकेदारों को चिन्हित कर ब्लैकलिस्ट किया जाए और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
समन्वय से कार्य करने निर्देश
अध्यक्ष श्रीमती तिवारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जल संकट से निपटने हेतु सभी आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण करने और आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
आगामी योजनाओं एवं बजट पर चर्चा
बैठक में जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति, आगामी योजनाओं एवं बजट आवंटन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के अंत में अध्यक्ष श्रीमती तिवारी ने सभी अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।