प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) : विलोपन पूर्व दावा-आपत्ति हेतु सूचना जारी, 09 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 तक अवधि निर्धारित
जारी सूची में वह हितग्राही हैं जिनके आवेदन में समस्या है, जिसके कारण उनका स्वीकृति असंभव है
जारी सूची जपं बेरला कार्यालय, ग्राम पंचायतों व जिलें की वेबसाइट पर हैं उपलब्ध
बेमेतरा 09 अप्रैल 2026 - प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्थायी प्रतीक्षा सूची एवं आवास प्लस सूची में शामिल ऐसे हितग्राही, जिनकी स्वीकृति विभिन्न कारणों से संभव नहीं है, उनके नाम विलोपित किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
जपं बेरला में सूची जारी
जानकारी के अनुसार इस प्रकार की सूची जनपद पंचायत बेरला में जारी की गई हैं, इस सूची में ऐसे हितग्राही शामिल हैं जिनके मामलों में पलायन, आवश्यक दस्तावेजों की अनुपलब्धता, भूमि विवाद, अथवा हितग्राही की मृत्यु एवं नॉमिनी का अभाव जैसी समस्याएं सामने आई हैं। ऐसे प्रकरणों में नाम विलोपन की कार्रवाई प्रस्तावित है।
अंतिम अवसर प्रदान
विलोपन से पूर्व संबंधित हितग्राहियों को अवसर प्रदान करते हुए कार्यालय जनपद पंचायत बेरला द्वारा दावा-आपत्ति आमंत्रित किए गए हैं। यह सूची जनपद पंचायत बेरला के सूचना पटल, संबंधित ग्राम पंचायतों के सूचना फलक तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.bemetara.gov.in पर अवलोकन हेतु उपलब्ध कराई गई है।
निर्धारित अवधि में करें दावा आपत्ति
दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अवधि 09 अप्रैल 2026 से 29 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति अथवा परिवार कार्यालयीन समय में जनपद पंचायत बेरला कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित प्रपत्र में अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
समयावधि पश्चात जिम्मेदारी होंगी हितग्राही की
निर्धारित समयावधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित हितग्राही को स्थायी पलायन या अनिच्छुक मानते हुए उनका नाम सूची से विलोपित करने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित हितग्राही की होगी। साथ ही, निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।