भीषण गर्मी और लू से बचाव हेतु जिला प्रशासन की एडवाइजरी जारी
लू के खतरे, लक्ष्ण, कारण, बचाव, ईलाज को लेकर सतर्क व जागरूक रहने अपील
बेमेतरा 17 अप्रैल 2026 - भीषण गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृतलाल रोहलेडर द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों को पुनः दोहराते हुए नागरिकों से जागरूक रहने को कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार अप्रैल से जून के दौरान तापमान में तेजी से वृद्धि और लू चलने की संभावना रहती है, जिससे जनसामान्य का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। लू लगने का मुख्य कारण तेज धूप में अधिक समय तक रहने से शरीर में पानी एवं आवश्यक खनिज, विशेषकर नमक की कमी होना है।
लू के प्रमुख लक्षण
लू लगने पर व्यक्ति को सिरदर्द, तेज बुखार, मुंह सूखना, चक्कर आना, उल्टी, अत्यधिक कमजोरी, पसीना न आना, ज्यादा प्यास लगना, पेशाब कम होना, भूख में कमी तथा गंभीर स्थिति में बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें और तेज धूप से बचें। बाहर निकलते समय सिर और कान को ढककर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। गर्मी में हल्के और सूती कपड़े पहनना लाभकारी होता है। अधिक पसीना आने पर ORS का सेवन करें और अस्वस्थ महसूस होने पर छायादार स्थान पर आराम करें। आवश्यकता पड़ने पर आरोग्य सेवा नंबर 104 पर निःशुल्क परामर्श लिया जा सकता है।
लू लगने पर तुरंत करें ये उपाय
यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर लिटाकर सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें, शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव करें और अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे आम का पना, जलजीरा आदि पिलाएं। साथ ही, शीघ्र नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराना जरूरी है। ORS के लिए मितानिन या एएनएम से संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन सावधानियों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से सुरक्षित रखें।