अवैध मुरूम खनन पर कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की कार्यवाही
खनिज विभाग की कार्यशैली पर लगा सवालिया निशान, खाली हाथ लौटने का फंडा बना मजाक
बेमेतरा 07 अप्रैल 2026 - बेमेतरा जिले के साजा ब्लाक में लंबे समय से सक्रिय खनन माफियाओं के खिलाफ अब प्रशासन ने सख्त रुख दिखाया है। तहसीलदार साजा विनोद कुमार बंजारे के नेतृत्व में ग्राम बीजागोड़ में की गई औचक कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और मुरूम से लदी एक हाईवा को जब्त कर अवैध खनन का प्रकरण बनाया गया है।
प्रशासनिक टीम को अचानक मौके पर देख खनन स्थल पर भगदड़ मच गई। कई आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। जब्त वाहनों को साजा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है और संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
साजा ब्लाक के ग्राम बीजागोड़ क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध मुरम खनन चलने की सूचना साजा तहसीलदार को मिली, जिस पर उनके द्वारा इस सूचना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। जिस पर बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश व एसडीएम साजा पिंकी मनहर के मार्गदर्शन पर साजा तहसीलदार विनोद कुमार बंजारे द्वारा तत्काल मौका स्थल पर पहुंच कर इस अवैध खनन कारोबार पर कार्यवाही करते हुए मुरम खनन कार्य में संलग्न जेसीबी व हाईवा पर कार्यवाही करते हुए जब्त किया गया। जब्त वाहनों को पुलिस थाना साजा की अभिरक्षा में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब्त वाहनों में एक जेसीबी CG 25 P 7353 तथा एक हाईवा CG 25 M 4501 को जब्त कर अवैध खनन पर कार्यवाही की गई। वहीं इस कार्यवाही में वाहन मालिकों चालको के नाम सामने आए हैं। जिनमें जेसीबी वाहन के मालिक प्रवीण पिता सुरेश साहू ग्राम सोमईखुर्द साजा, चालक होरीलाल पिता पीलाराम ग्राम रेंगा साजा तथा हाईवा वाहन के मालिक कुमार साहू पिता परस राम ग्राम सल्धा बेरला, चालक संतोष पिता बीरबल यादव साजा हैं।
बिरनपुर के खनन पर उठे सवाल, लग रहे आरोप
बीजागोड़ में हुई इस कार्रवाई के बाद अब ग्रामीणों की नजरें बिरनपुर और चेचानमेटा क्षेत्र पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन जारी है, लेकिन खनिज विभाग के अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही माफियाओं को सूचना मिल जाती है और वे वाहन हटा लेते हैं। जिससे खनिज विभाग को खाली हाथ लौटना पड़ता हैं। विभाग का यह फंडा लोगों के बीच मजाक बनता नजर आ रहा हैं। जिसके कारण उन पर संरक्षण व सांठगांठ का आरोप भी लोगों द्वारा लगाया जा रहा हैं।
ज्ञात हो कि ग्राम बिरनपुर खास कर इसलिए भी चर्चा में हैं क्योंकि यह वर्तमान विधायक ईश्वर साहू का गृहग्राम भी हैं। जहां पर लगातार बड़े पैमाने पर अवैध खनन कार्य चलने की बातें आती रही हैं।