समय सीमा की उड़ाई जा रही धज्जियां, 3 महीने की समय-सीमा कब की पार
दो विभाग (जनपद एवं आरईइस) मिलकर नहीं कर पा रहा निर्माण कार्यों का क्रियान्वयन
प्रशासनिक उदासीनता की भेंट चढ़ा विकास : बाहरी ठेकेदारों के भरोसे ग्राम पंचायत का निर्माण कार्य
समीक्षा बैठक एवं अधिकारियों की मॉनिटरिंग पर उठे गंभीर सवाल
बेमेतरा 02 जुलाई 2026 - जिला प्रशासन की साप्ताहिक समीक्षा बैठकों के दावों की जमीनी हकीकत देखनी हो, तो बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम गाड़ाडीह का रुख किया जा सकता है। यहाँ विकास कार्यों में बरती जा रही कछुआ चाल और प्रशासनिक उदासीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए स्वीकृत किया गया 10 लाख रुपए के यात्री प्रतीक्षालय निर्माण कार्य योजना कार्य आदेश जारी होने के 19 महीने बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है, जबकि नियमानुसार इसे मात्र 3 महीने के भीतर पूर्ण किया जाना था।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, साजा ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों सहित गाड़ाडीह में 10 लाख रुपए की लागत से यात्री प्रतीक्षालय निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। स्वीकृति पश्चात इस कार्य का कार्य आदेश कलेक्टर कार्यालय बेमेतरा से 10.01.2025 को जारी कर 03 माह में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया था। साथ ही इस कार्य के लिए एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत साजा को बनाने का आदेश जारी किया गया था। जिसके बाद जनपद पंचायत साजा से ग्राम पंचायतो को एजेंसी बनाकर कार्य आदेश दिया गया था। इस निर्माण कार्य की मुख्य जिम्मेदारी (निर्माण एजेंसी) स्थानीय ग्राम पंचायत को सौंपी गई थी। लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। ग्राम पंचायत द्वारा स्वयं कार्य कराने के बजाय, यह निर्माण कार्य किसी बाहरी ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
अधिकारियों की कार्यप्रणाली और मॉनिटरिंग पर उठे सवाल
इस लेटलतीफी ने ब्लॉक और जिले के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को पूरी तरह कटघरे में खड़ा कर दिया है।
लापरवाही पर चुप्पी : साजा ब्लॉक में निर्माण कार्यों के लिए आखिर ऐसा कौन सा नियम-कानून चल रहा है, जहाँ 3 महीने का काम 19 महीने में भी पूरा नहीं होता और जिम्मेदार ठेकेदार या एजेंसी पर कोई कार्रवाई तक नहीं की जाती? अगर समय सीमा का पालन नहीं करना है तो समय सीमा ही क्यों दी जाती हैं।
निगरानी का अभाव : विभाग के तकनीकी अधिकारियों और मैदानी अमले द्वारा निर्माण कार्य के प्रति घोर लापरवाही और मॉनिटरिंग में कमी देखी जा रही है। जबकि पंचायत विभाग में निर्माण कार्यों के मॉनिटरिंग के लिए जनपद पंचायत एवं आरईइस विभाग होता हैं, जिनकी निगरानी व जिम्मेदारी में निर्माण संबंधी कार्य होते हैं।
एजेंसी ग्राम पंचायत, कार्य बाहरी ठेकेदार
ज्ञात हो कि इस यात्री प्रतीक्षालय निर्माण कार्य के लिए प्रशासन व जनपद पंचायत साजा द्वारा एजेंसी ग्राम पंचायत को बनाया गया था, मगर हाई लेबल राजनीति के चलते इस कार्य को बाहरी ठेकेदार द्वारा किया जा रहा हैं। यह ठेकेदार अपनी पावर व पहुंच का इस्तेमाल कर मैं काम लाया हूं मैं ही करूंगा कह कर अधिकारियों व नेताओं के संरक्षण पर सरपंच से कार्य को लेकर स्वयं किया जा रहा हैं।
कार्य अधूरा ठेकेदार गायब
उक्त यात्री प्रतीक्षालय निर्माण को अब लगभग 19-20 माह होने को है लेकिन निर्माण कार्य अभी तक अधूरा पड़ा हैं। यह अधूरा निर्माण कार्य अब सरपंच की गले का फांस बन चुका हैं। वहीं उनके द्वारा ठेकेदार को फोन से संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं मिल पा रहा हैं।
समीक्षा बैठकों की खुली पोल
जिला मुख्यालय में हर हफ्ते होने वाली कलेक्ट्रेट की 'साप्ताहिक समीक्षा बैठकें' (TL Meeting) सिर्फ कागजी कोरम बनकर रह गई हैं। यदि इन बैठकों में वाकई समय-सीमा के भीतर कार्यों की समीक्षा की जाती, तो गाड़ाडीह का यात्री प्रतीक्षालय डेढ़ साल से अधिक समय तक इस हाल में न रहता।
ग्रामीणों में आक्रोश
यात्री प्रतीक्षालय न बनने से जहां एक ओर जिस उद्देश्य की पूर्ति के लिए राशि की स्वीकृति प्रदान की गई हैं वह उद्देश्य ही पूरा नहीं हो पाया, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्य के अपूर्ण होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को धूप, धूल और बरसात के मौसम में खुले आसमान के नीचे बसों और वाहनों का इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय राशि का दुरुपयोग हो रहा है और बाहरी ठेकेदार व अधिकारियों की जुगलबंदी के कारण जनता परेशान है।
अब देखना यह होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद बेमेतरा जिला प्रशासन जागता है या फिर गाड़ाडीह के ग्रामीणों का यह इंतजार और लंबा होता है।
यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण में ग्राम पंचायत नाम का एजेंसी हैं। अधिकारी व नेताओं के कहने पर कार्य को बाहरी ठेकेदार कर रहा हैं। अपनी पहुंच का धौंस दिखाता है, अब पूर्ण करने के लिए उसका अतापता नहीं हैं। अधूरे कार्य का सामना अब हमें करना पड़ रहा हैं।
----- हिरेंद्र भारती, सरपंच गाड़ाडीह (साजा)
यात्री प्रतीक्षालय निर्माण के लिए एजेंसी ग्राम पंचायत हैं, हम उन्हें ही जानेंगे, पंचायतों में ठेकेदारी प्रथा नहीं चलती, अपूर्ण कार्य के लिए ग्राम पंचायत को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया हैं। उनके जवाब के बाद जल्द पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा।
----- सोमनाथ साहू, सीईओ, जनपद पंचायत साजा, बेमेतरा
0 टिप्पणियाँ