'सुशासन तिहार' का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

सुशासन तिहार के भव्य आयोजन हेतु कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक में दी आवश्यक निर्देश 
बेमेतरा 28 अप्रैल 2026 - प्रदेश सरकार की मंशानुरूप 'सुशासन तिहार' (गुड गवर्नेंस फेस्टिवल) को गरिमामय और उत्साहपूर्वक मनाने के लिए कलेक्टर ने जिला अधिकारियों की विशेष बैठक ली। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। 

तैयारियों के संबंध में जारी प्रमुख निर्देश 
हितग्राही मूलक योजनाओं पर फोकस - कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सुशासन तिहार के दौरान विभिन्न शिविरों का आयोजन किया जाए, जहाँ आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, और उज्ज्वला योजना जैसे लाभों का मौके पर ही निराकरण कर वितरण सुनिश्चित किया जाए। 
विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन - आयोजन के अवसर पर जिले में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के लोकार्पण और नए प्रोजेक्ट्स के भूमिपूजन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। 
स्वच्छता और सजावट - सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा आयोजन स्थलों को सुसज्जित करने के निर्देश दिए गए। जनसंपर्क विभाग और अन्य विकास विभागों को शासन की उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाने को कहा गया है, ताकि आमजन योजनाओं के बारे में जागरूक हो सकें। 
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय - कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर ने विभागवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं और उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने की हिदायत दी है। 
प्रशासनिक सतर्कता - कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि सुशासन तिहार केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न रहे, बल्कि इसके माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड पर सक्रिय रहकर जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने को कहा है। 
    बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।