“नशा मुक्ति के लिए संगठित व ठोस प्रयास जरूरी” - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

नारको को-ऑर्डिनेशन, सड़क सुरक्षा व नशा मुक्ति पर समन्वय बैठक सम्पन्न 

ब्लैक स्पॉट सुधार, हेलमेट-सीट बेल्ट अभियान व अतिक्रमण हटाने के निर्देश 
बेमेतरा 28 अप्रैल 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड), सड़क सुरक्षा, नशा मुक्त भारत अभियान, पशु क्रूरता निवारण तथा नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले माह लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। 
   कलेक्टर ने नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य नशे की गिरफ्त में फँस रहा है, जिसे रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को मिलकर सख्त एवं समन्वित कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा मुक्ति के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि निरंतर जन जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। 
    बैठक में जिला परिवहन अधिकारी अरविंद भगत ने जानकारी दी कि जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों एवं बेरला क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। इन क्षेत्रों में ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड सहित आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए हैं। कलेक्ट्रेट के सामने भी स्पीड लिमिट बोर्ड, डिवाइडर एवं मास्ट लाइट की व्यवस्था के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्राचार करने की बात कही गई। 
कलेक्टर ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स पर साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स और रिफ्लेक्टर लगाने तथा लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई को तत्काल सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

हेलमेट व सीट बेल्ट पर सख्ती 
कलेक्टर ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।अतिक्रमण व स्कूल बसों पर विशेष ध्यान, मुख्य मार्गों और चौराहों पर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात सुचारू रहे। साथ ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बसों की फिटनेस जांच एवं सुप्रीम कोर्ट गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करने कहा गया। 

आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर नियंत्रण 
कलेक्टर ने सड़कों पर बैठने वाले आवारा पशुओं के प्रबंधन के लिए नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। जनजागरूकता पर विशेष जोर देते हुये कलेक्टर सुश्री ममगाई ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि जनजागरूकता से भी जुड़ी है। इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित कर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। 
    उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। 
    बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में जिले में नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समन्वित रणनीति पर सहमति बनाई गई।