साजा के चेचानमेटा (बिरनपुर) में अवैध उत्खनन की शिकायत पर खनिज विभाग ने की जांच

मौके पर कुछ नहीं मिला, बनाया गया मौके का पंचनामा 

भूमि मालिक को जारी होगा नोटिस, सरपंच को दिए निगरानी के निर्देश 
बेमेतरा 01 अप्रैल 2026 - जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने ग्राम चेचानमेटा (बिरनपुर) तहसील साजा में मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मौके पर किसी प्रकार का अवैध उत्खनन अथवा अवैध परिवहन होते हुए नहीं पाया गया। 

ग्रामवासियों और पटवारी से ली गई जानकारी 
मौके पर मौजूद ग्रामवासियों ने बताया कि जिस स्थान पर गड्ढा दिखाई दे रहा है, वह पूर्व में किया गया उत्खनन है। वहीं राजस्व हल्का पटवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त उत्खनित क्षेत्र निजी भूमि है, जो महिन्द्रा स्पंज आयरन, नरेश कुमार एवं अन्य के नाम से दर्ज है। 

भूमि मालिक को जारी होगा नोटिस, सरपंच को दिए निर्देश 
खनिज विभाग द्वारा उक्त उत्खनित क्षेत्र के संबंध में जमीन मालिक को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित ग्राम सरपंच को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में यदि उक्त स्थल पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन या परिवहन होता है, तो उसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। मौके का पंचनामा भी तैयार कर अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया गया है। 

दो माह में अवैध परिवहन के 35 प्रकरण दर्ज 
खनिज विभाग ने जानकारी दी कि विगत दो माह (फरवरी एवं मार्च) में बिना रायल्टी पर्ची के अवैध परिवहन करते पाए जाने पर कुल 35 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत वाहनों को जब्त किया गया तथा वाहन मालिकों पर कुल 863850 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 118 प्रकरण, 26.75 लाख रुपये वसूले
पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध परिवहन के कुल 118 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें अब तक 2675750 रुपये की अर्थदंड राशि वसूली जा चुकी है। 

   खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रखी जाएगी।