थान खम्हरिया में बिना दस्तावेज के रेत परिवहन करते हाईवा को एसडीएम ने किया जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर अवैध खनन व परिवहन पर राजस्व विभाग साजा की लगातार दूसरी कार्यवाही
बेमेतरा 09 अप्रैल 2026 - क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्यवाही की है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर साजा एसडीएम पिंकी मनहर ने थान खम्हरिया क्षेत्र में अवैध रूप से रेत ले जा रही एक हाइवा को जब्त किया। जानकारी के अनुसार हाइवा कुरुद क्षेत्र से सहसपुर मार्ग की ओर जा रही थी।
जांच के दौरान चालक के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस मिला और न ही रेत परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी पर्ची या अन्य दस्तावेज पाए गए। इस पर साजा एसडीएम पिंकी मनहर ने मौके पर ही हाईवा वाहन CG 04 NV 8342 मालिक हंसू साहू, चालक हेमंत मरकाम सहसपुर लोहारा को जब्त करने के निर्देश दिए और हाइवा को थान खम्हरिया थाना में सुपुर्द किया।
वहीं साजा एसडीएम पिंकी मनहर ने अवैध परिवहन करते दो हाईवा वाहन को भी पकड़ा। जिसमें एक हाईवा क्रमांक CG 09 JR 9918 बिना रायल्टी के रेत परिवहन करते तथा एक हाइवा क्रमांक CG04JD 8100 में बिना रायल्टी के गिट्टी परिवहन करते पकड़ा गया। जिसे कार्यवाही हेतु जिला खनिज अधिकारी बेमेतरा रोहित साहू को सौपा गया।
ज्ञात हो कि प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन व परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते एसडीएम ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की।
अधिकारियों ने बताया कि बिना रॉयल्टी रेत परिवहन करना गंभीर अपराध है, जिससे शासन को राजस्व हानि होती है। इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
मामले की जांच जारी है, अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्यवाही की जाएगी। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार थान खम्हरिया सरिता मढ़रिया, नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू और पुलिस टीम उपस्थित रही।