कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने की अवैध खनन व परिवहन पर कार्यवाही
एक दिन में मुरम, रेत व चुना पत्थर की कार्यवाही में एक जेसीबी व 06 हाईवा वाहन किया जब्त
बेमेतरा 09 अप्रैल 2026 - जिलें में अवैध खनन व परिवहन पर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर खनिज विभाग लगातार कार्यवाही कर रहा हैं।
इसी क्रम में 09 अप्रैल को जिला खनिज अधिकारी रोहित साहू एवं उनकी टीम द्वारा बेमेतरा ब्लाक क्षेत्र में रेत एवं मुरूम से भरे 2 अन्य हाईवा वाहनों को अवैध परिवहन करने पर जब्त कर थाना बेमेतरा में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरम परिवहन कर रहे हाईवा वाहन CG 25 N 2946 मालिक होरीलाल साहू एवं रेत परिवहन कर रहे हाईवा वाहन CG 09 JS 4479 मालिक दशरथ पटेल को अवैध परिवहन करने पर गौण खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जब्त करते हुए थाना बेमेतरा के सुपुर्द किया गया।
वहीं थान खम्हरिया तहसील क्षेत्र में रेत व चुना पत्थर का अवैध परिवहन करने पर दो हाईवा को जब्त किया गया। वहीं थान खम्हरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम टिपनी में अवैध खनन करते एक जेसीबी व दो हाईवा पर कार्यवाही करते हुए जब्त कर थान खम्हरिया थाना के सुपुर्द किया गया।
इस प्रकार 09 अप्रैल को खनिज विभाग बेमेतरा द्वारा कुल 7 वाहनों को जब्त कर संबंधित मामलों में नियमानुसार गौण खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई।
खनिज विभाग बेमेतरा ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
खनिज विभाग बेमेतरा की इस कार्यवाही में खनिज अधिकारी रोहित साहू, सिपाही नीलकमल देशलहरा, नगर सैनिक कुलदीप सिंह, चालक जलेश्वर साहू शामिल रहे।