अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन

बालिकाओं और महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की पहल 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 07 मार्च 2026 - अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर जिले में बालिकाओं और महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता स्वामी विवेकानंद स्टेडियम बेमेतरा में आयोजित होगी, जिसमें जिले की बालिकाएं और महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग ले सकेंगी। 
      जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना है। 

विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित 
इस प्रतियोगिता में कबड्डी, कराते, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। इन खेलों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खेल प्रतियोगिता के लिए न्यूनतम आयु सीमा 12 वर्ष से अधिक निर्धारित की गई है। जिले की सभी इच्छुक बालिकाएं और महिलाएं इसमें भाग ले सकती हैं। 

सुबह 9:30 बजे तक कराना होगा पंजीयन 
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को प्रातः 09:30 बजे तक स्वामी विवेकानंद स्टेडियम पहुंचकर अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बाद प्रतिभागियों को संबंधित खेलों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बालिकाओं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और वे समाज में सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होती हैं। खेल प्रतियोगिता में भाग लेने या पंजीयन संबंधी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी मोबाइल नंबर 9826168395 पर संपर्क कर सकते हैं। 
      अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता जिले की महिलाओं और बालिकाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अच्छा अवसर साबित होगी तथा खेलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।