धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे नई पीढ़ी को धर्म, संस्कार और भारतीय जीवन मूल्यों को समझने की मिलती हैं प्रेरणा - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी

त्रि-दिवसीय अखंड रामायण सम्मेलन उफरा बेरला में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 14 मार्च 2026 - बेमेतरा जिला के बेरला ब्लाक के ग्राम उफरा में आयोजित त्रि-दिवसीय अखंड रामायण सम्मेलन कार्यक्रम में जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम की पावन कथा एवं रामायण पाठ का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया तथा उपस्थित संतजनों, श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों से भेंट कर उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। 
    तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और प्रभु श्रीराम के गुणगान से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन और पावन चरित्र का श्रवण करते हुए भक्ति भाव में लीन रहे। 
     इस अवसर पर जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए “राम सिया राम सिया राम जय जय राम। भज मन राम चरण सुखधाम॥ दीनन के तुम हो रखवारे, करो कृपा प्रभु सीताराम॥” चौपाई का वर्णन किया। 
   अध्यक्ष श्रीमती तिवारी ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और भक्ति का संदेश समाज को सदैव सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन त्याग, कर्तव्य और आदर्शों की सर्वोच्च मिसाल है। यदि हम श्रीराम के विचारों और सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाएं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र में सद्भाव, शांति और नैतिक मूल्यों की स्थापना हो सकती है। 
अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। जब समाज के लोग एक साथ बैठकर भगवान के नाम का स्मरण करते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी प्रेम, सद्भाव तथा एकता को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि गांवों में आयोजित इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे नई पीढ़ी को भी धर्म, संस्कार और भारतीय जीवन मूल्यों को समझने की प्रेरणा मिलती है।  
 कार्यक्रम के दौरान आयोजकों एवं ग्रामवासियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने आयोजक समिति तथा सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी की श्रद्धा और सहभागिता से ही ऐसे पावन आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होते हैं और समाज में धार्मिक चेतना का प्रसार होता है।   
  इस अवसर पर सरपंच गीता मंडरिया, राकेश वर्मा, रेखा वर्मा, रामाधार, संतराम निषाद, चमेली शिवास, चमेली परगनिहा, रामाधार परगनिहा, तारकेश्वर निषाद, रक्षिका वर्मा, सुघर साहू, राजू परगनिहा, शत्रोहन वर्मा, विष्णु निषाद, नंदकुमार मंडरिया एवं ग्रामीण श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर भगवान श्रीराम के पावन नाम का स्मरण करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।