मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ और सुविधाएँ उपलब्ध कराना हैं प्रशासन का प्रयास व प्राथमिकता - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने साजा अस्पताल का औचक निरीक्षण कर देखी व्यवस्था 

महिला, जनरल, ओपीडी वार्ड, नेत्र विभाग, दवा उपलब्धता, स्वच्छता का जायजा लेकर दिए निर्देश 

नगर व कार्यालयों की स्वच्छता पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 12 मार्च 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज साजा क्षेत्र के विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा का निरीक्षण किया और वहां संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान साजा की अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री पिंकी मनहर उपस्थित थी। 
  सबसे पहले कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा पहुँचीं, जहाँ उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए महिला वार्ड, जनरल वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार की जानकारी ली। 
  कलेक्टर ने मरीजों से पूछा कि उन्हें समय पर इलाज मिल रहा है या नहीं तथा अस्पताल में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। मरीजों ने कलेक्टर से बातचीत के दौरान अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि प्रशासन का प्रयास व प्राथमिकता है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। 

नेत्र मरीजों से पूछा हालचाल 
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंखों के ऑपरेशन के लिए आए मरीजों से भी चर्चा कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से उनके निवास स्थान, उपचार की प्रक्रिया तथा किसी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी ली। 
इस दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने अस्पताल के बीएमओ डॉ. अश्विनी वर्मा तथा सहायक नेत्र अधिकारी विनोद बघेल से भी चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

स्वच्छता व दवा उपलब्धता पर जोर 
कलेक्टर सुश्री ममगाई ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। 

तहसील, एसडीएम व आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण 
कलेक्टर सुश्री ममगाई ने साजा औचक निरीक्षण दौरे में अस्पताल के अलावा तहसील, एसडीएम कार्यालय साजा तथा साजा के भरतपुर वार्ड स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-4 का भी निरीक्षण कर जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं नगर पंचायत साजा की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त कर सीएमओ को समुचित कार्य के निर्देश दिए। 

जनहित कार्यों को प्राथमिकता 
इस निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए।