बारगांव (बेरला) की व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू को ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान’ में मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने श्रेष्ठ शिक्षक रूरल चेंजमेकर टीचर अवॉर्ड से किया सम्मानित 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 10 मार्च 2026 - छत्तीसगढ़ की माटी ने एक बार फिर पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। दैनिक भास्कर समूह द्वारा हयात रेंजीडेंसी नई दिल्ली में आयोजित श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान कार्यक्रम के तहत पूरे देश से 36 हजार से अधिक की संख्या में शिक्षकों का आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें से 40 शिक्षकों को श्रेष्ठ शिक्षक के रूप में चयनित किया गया। 
    जिसमें बेमेतरा जिला अंतर्गत विकासखण्ड बेरला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव में पदस्थ व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू भी शामिल रही। ग्रामीण अंचलों में हॉकी खेल के विकास और बच्चों को प्रशिक्षित करने में उत्कृष्ट योगदान के लिए कार्यक्रम के मुख्यअतिथि केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू को श्रेष्ठ शिक्षक रूरल चेंज मेकर टीचर अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह गौरव का क्षण था, यह सम्मान ग्रामीण अंचल में छिपी खेल प्रतिभाओ को निखारने के उनके समर्पण को दर्शाता है। 
   शिक्षिका तुलसी साहू स्वयं एक राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही है, जहां वे 05 बार राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में चयन, 05 बार ओपन हॉकी प्रतियोगिता में चयन, 06 बार यूनिवर्सिटी में चयन होकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया, साथ ही 04 बार अखिल भारतीय सिविल सर्विसेस हॉकी प्रतियोगिता 2022 भोपाल, 2023, भुवनेश्वर (उड़ीसा), 2024 काकीनाड़ा (आंध्रप्रदेश) एवं 2025 दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम प्रतिनिधित्व किया। 2022 भोपाल में आयोजित सिविल सर्विसेस हॉकी प्रतियोगिता में तुलसी साहू की उम्दा खेल प्रदर्शन से प्रथम बार कांस्य पदक जीतने में छत्तीसगढ़ सफल रहा। 

निरंतर हॉकी खेल का अभ्यास 
रोजाना विद्यालय से लगे खेल मैदान में बारगांव सहित आस पास गांवों के 70 से 80 बालक एवं बालिकाओं को सुबह और शाम हॉकी खेल का अभ्यास कराती है। 

राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयन 
उनकी कोचिंग क्षमता का ही परिणाम है कि बारगांव सहित आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों से हॉकी खेल में बालक एवं बालिकाए बड़ी संख्या में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयन होकर मेडल जीत रहे है। वर्ष 2022 में 2 बच्चों का राज्य स्तर एवं 01 बच्चे का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, वर्ष 2023 में 19 बच्चों का राज्य स्तर एवं 03 बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, वर्ष 2024 में 19 बच्चों का राज्य स्तर एवं 03 बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, वर्ष 2025 में 20 बच्चों का राज्य स्तर एवं 02 बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ हैं। 

ग्रामीण अंचलों से बच्चों का चयन हॉकी एकेडमी में 
बारगांव (बेरला) खेल मैदान में अभ्यासरत बच्चों का चयन हॉकी एकेडमी में हुआ, जहां रायपुर एकेडमी में 03 बच्चे, राजनादगांव एकेडमी में 02 बच्चे एवं बिलासपुर एकेडमी में 01 बच्चे का चयन हुआ है। जहां सभी बच्चे एकेडमी में रहकर हॉकी खेल का गुण सिख रहे है। 

ग्रामीण प्रतिभा को निखारना 
बारगांव सहित आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को हॉकी खेल और अन्य शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना, खेल दिवस जैसे आयोजनों पर लगातार बच्चों को खेल, शारीरिक फिटनेस और योगाभ्यास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करती है। यह सम्मान ग्रामीण अंचल में खेल, संस्कृति को विकसित करने में व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू की अहम भूमिका को रेखांकित करता है। 

उपलब्धि पर बधाई 
व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह सहित पूर्व प्राचार्य तीक्ष्ण साहू, हिमांचल साहू, देवघर देवांगन, श्यामसुंदर साहू, महेश बंधे, भीष्मदेव साहू, संजय बंछोर, हरीश साहू, दौलतराम साहू, भूपेन्द्र सिन्हा, भीष्म साहू, गुमन सिंह यादव, डिजिरानी साहू, पूर्णिमा साहू, संकुल प्रभारी सुरेन्द्र पटेल सहित बारगांव संकुल के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।