बेमेतरा शहर में 45 हजार जनसंख्या के बीच एक एजेंसी के संचालन से हो रही अनेक समस्याएं व परेशानी का सामना
बेमेतरा 20 मार्च 2026 - बेमेतरा शहर में रसोई गैस वितरण की गंभीर समस्या को लेकर आज कांग्रेस के पूर्व पार्षद मनोज शर्मा एवं शहर कांग्रेस कमेटी के शहर सचिव शुभम सोनी द्वारा कलेक्टर जिला बेमेतरा को मांग पत्र सौंपा गया। यह मांग पत्र जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा (पूर्व विधायक) के निर्देशानुसार सौंपा गया। जिसमें शहर की आम जनता को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया।
बड़ी आबादी में एक एजेंसी संचालन से परेशानी व समस्या
मांग पत्र में उल्लेख किया गया है कि बेमेतरा जिला मुख्यालय में वर्तमान में केवल एक ही गैस एजेंसी संचालित हो रही है, जबकि शहर की जनसंख्या लगभग 40 से 45 हजार के बीच है। इतनी बड़ी आबादी के बावजूद एक ही एजेंसी होने के कारण आम नागरिकों को गैस वितरण में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, वितरण केंद्रों पर लंबी कतारें लग रही हैं तथा ऑनलाइन/रसीद कटवाने के बाद भी समय पर गैस नहीं मिल पा रही है।
संचालक के दुर्व्यवहार से असंतोष
साथ ही एजेंसी संचालक द्वारा उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में भारी असंतोष व्याप्त है। उक्त समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस के पूर्व पार्षद मनोज शर्मा एवं शहर सचिव शुभम सोनी (शहर कांग्रेस कमेटी) द्वारा जिला प्रशासन से तत्काल बेमेतरा जिला मुख्यालय में नई गैस एजेंसी स्थापित करने की मांग की गई है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि बेमेतरा शहर की बढ़ती जनसंख्या के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होना अत्यंत आवश्यक है। आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है।
उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर नई गैस एजेंसी स्वीकृत करने की मांग की है।