मुड़पारखुर्द में ग्रामीण स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन में विधायक दीपेश साहू हुए शामिल
प्रतियोगिता में कोटा टीम 18 प्वाइंट के बड़े मार्जिन से हुए विजयी
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 09 मार्च 2026 - बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम मुड़पारखुर्द में आयोजित दो दिवसीय ग्रामीण स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, सरदा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, बलौदीकला के सरपंच चंपा चौहान, उप सरपंच सुरेश साहू, जनपद पंचायत सदस्य उषा खेलन साहू रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मैच कोटा और मुड़पार खुर्द के बीच खेला गया, जिसमें कोटा ने 33 और मुड़पार खुर्द ने 15 प्वाइंट लिया। इस प्रकार कोटा की टीम 18 प्वाइंट के बड़े मार्जिन से एकतरफा विजयी रही। कोटा की टीम को 11001 रुपये प्रथम इनाम दिया गया। द्वितीय पुरस्कार मुड़पारखुर्द को 7001 रुपये, तृतीय पुरस्कार बहेरा को 5001 रुपये व चतुर्थ पुरस्कार बलौदी खुर्द को 3001 रुपये दिया गया।
इस आयोजन में विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी खेल प्रतियोगिता युवाओं को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने खेलों को शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का माध्यम बताया। उन्होंने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।
सरदा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को अवसर देने की आवश्यकता है।
बलौदी सरपंच चंपा चौहान ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों के उत्साह को ऐतिहासिक बताते हुए भविष्य में बड़े स्तर पर खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन समिति, सहयोगियों और ग्रामीणों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
वहीं सरपंच चंपा चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मुड़पार खुर्द कबड्डी के लिए जाना जाता है। यहां न केवल कबड्डी के बड़े आयोजन हुए हैं, बल्कि कई बड़े खिलाड़ी भी निकले हैं। यह परम्परा आगे भी लगातार जारी रहना चाहिए। उन्होंने मुड़पार खुर्द के विकास में हरसंभव मदद की बात कही।
सरपंच प्रतिनिधि सोनू (खुवेंद्र) चौहान ने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रतियोगिता एक बेहतरीन मंच है। खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है। मुड़पार खुर्द का नाम राज्य स्तर पर रोशन हो, इसके लिए वे प्रयास करेंगे।
भवन की घोषणा से हर्ष, जताया आभार
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने मुड़पार खुर्द में सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए व चावल बांटने में परेशानी होती थी इसलिए वहां एक भवन के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की गई।
इनका रहा सहयोग
दो दिवसीय ग्रामीण स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में झाड़ू राम पटेल, सुरेश साहू, विजय पटेल, श्रवण पटेल, पम्मू तिवारी, सुरेश हरियाणा वाले, गणेश पटेल, चमरू पटेल, पार्वती, बंशी निषाद, मोंगरा, शत्रुघ्न लहरे, शांति शंकर निषाद, जयकरण पाल, संजय निषाद, प्यारे निषाद, जगदीश निषाद, रामेश्वर निषाद सहित ग्रामवासियों व समिति का सहयोग रहा।