डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने हेतु दिए गए आवश्यक निर्देश
बेमेतरा जिले में शीघ्र ही डायल-112 सेवा को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी
बेमेतरा 30 मार्च 2026 - पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं उपस्थिति में डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से थानावार नियुक्त ईआरवी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में आयोजित की गई।
प्रशिक्षण के दौरान डायल-112 के माध्यम से प्राप्त होने वाले आपातकालीन कॉल पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रिस्पॉन्स टाइम पर विशेष ध्यान देने, घटनास्थल पर शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही, ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण में ईआरवी स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। आपातकालीन कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, पीड़ितों को समय पर सहायता प्रदान करने तथा जनसुरक्षा से संबंधित मामलों में समन्वय एवं सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
जिले में डायल-112 सेवा के सुदृढ़ क्रियान्वयन हेतु नई अत्याधुनिक वाहनों की शुरुआत की जानी है, जिनमें जीपीएस, वायरलेस, डिजिटल नेविगेशन एवं लाइव लोकेशन ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बहुत जल्द बेमेतरा जिले में डायल-112 सेवा को गांव-गांव तक पहुंचाने की योजना है, जिससे आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सहायता मिल सकेगी।
प्रशिक्षण कार्यशाला में डायल-112 सेवा के क्रियान्वयन हेतु ईआरव्ही स्टाफ को आवश्यक बेसिक जानकारी प्रदान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, डीएसपी श्रीमती शशीकला उइके एवं डायल-112 प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विष्णु सप्रे, आरक्षक विजेन्द्र टंडन, जिले के थाना/चौकी से राजेन्द्र जायसवाल, छन्नू प्रसाद टंडन, धाकचंद बंजारे, यशवंत यादव, योगेन्द्र सोनी, प्रमोद पाण्डेय, राहूल राजपूत, सनत बघले, आसिफ खान, दीपक ठाकुर, धर्मेन्द्र साहू, सुरेश नारंग, देवनारायण साहू, दीनदयाल डहरिया, राजू धीवर, भोला साहू, भुपेन्द्र चंद्रवंशी, मेलाराम, शिव यादव, सुरेश साहू, विजेन्द्र टंडन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।