कृषि पंपो का बिजली बिल थमाना किसानों के साथ हैं कुठाराघात - पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा

किसानों के साथ ना इंसाफी होने पर जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा द्वारा दी गई बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 21 फरवरी 2026 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि किसानों को कृषि पंपो का बिजली बिल थमाना किसानों के साथ कुठाराघात हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की साय सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के माध्यम से बेमेतरा विधानसभा के विभिन्न ग्रामों में 3 एचपी तथा 5 एचपी के कृषि पंपो का विद्युत बिल किसानों को थमाया गया है, साथ ही साथ इस बिल के माध्यम से कहा गया है कि अगर निर्धारित अवधि में बिल नहीं पटाया गया तो किसानों के विरुद्ध न्यायालय में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
      जबकि अब तक भाजपा सरकार किसानों को कृषि कार्य के लिए मुक्त बिजली देने की बात कह कर लोगों से अपनी पीठ थपथपाती है। ऐसे में किसानों को परेशान करने और लूटने के नियत से भाजपा सरकार के द्वारा पहले तो किसानों से धान खरीदी के नाम पर तरह तरह से प्रताड़ित किया गया और अब किसानों को बिजली बिल पटाने के नाम पर धमकाया जा रहा है, जो किसी भी तरह से उचित नहीं है। अन्नदाताओं के साथ इस तरह भाजपा का व्यवहार यह दिखाता है कि यह सरकार सिर्फ पूंजीवादी है। येन केन प्रकारेण भाजपा सरकार को सिर्फ और सिर्फ पैसा कमाना है, चाहे इसके लिए उसे किसानों को ही क्यों ना लूटने पड़े। 
    वहीं पूर्व विधायक श्री छाबड़ा ने कहा कि जब किसानों से बिजली बिल का पैसा ही लेना है, तो फिर भाजपा वाले चिल्ला चिल्ला कर क्यों कहते हैं कि सरकार किसानों को मुक्त बिजली दे रही है, यह दोहरा नाटक क्यों कर रहे हैं। 
  जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि किसानों के साथ ना इंसाफी होने पर जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा द्वारा आने वाले समय में किसानों को साथ में लेकर एक बड़ा आंदोलन जिले में किया जाएगा, विशेष कर बिजली विभाग के इस मनमाने रवैया के खिलाफ।