सभी कृषि संबंधित कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं किसान हित को सर्वोपरि रखते हुए करें संपादित
बुंदेला समिति कार्यालय एवं गिरदावरी कार्यों का निरीक्षण कर उपसंचालक कृषि ने पारदर्शिता व गुणवत्ता पर दिया गया जोर
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 07 फरवरी 2026 - कृषि विभाग द्वारा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज 07 फरवरी 2026 को उपसंचालक कृषि मोरध्वज डड़सेना द्वारा जनपद नवागढ़ अंतर्गत सेवा सहकारी समिति बुंदेला का निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान उपसंचालक कृषि ने समिति में संधारित अभिलेखों, भंडारण व्यवस्था, किसानों को प्रदत्त सेवाओं तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुपालन की गहन समीक्षा की। उन्होंने समिति के माध्यम से किसानों को समय पर बीज, खाद एवं अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी कृषि मौसम में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके पश्चात उपसंचालक कृषि द्वारा ग्राम सेमरिया (नवागढ़) में गिरदावरी एवं डीसीएस सर्वे कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फसल क्षेत्र, बोनी की स्थिति, फसल प्रकार एवं गिरदावरी प्रविष्टियों की मैदानी जांच की गई तथा अभिलेखों से मिलान कर सत्यापन किया गया। उन्होंने गिरदावरी कार्य को पूरी गंभीरता, सटीकता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को फसल बीमा, समर्थन मूल्य एवं अन्य योजनाओं का लाभ सही रूप में मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कृषि देशराज यादव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी नांदघाट एवं DCS सर्वेयर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान आवश्यक जानकारी प्रदान की तथा उपसंचालक कृषि के मार्गदर्शन में कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
उपसंचालक कृषि विभाग बेमेतरा श्री डड़सेना ने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि सभी कृषि संबंधित कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं किसान हित को सर्वोपरि रखते हुए संपादित किए जाएं। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन से विभागीय योजनाओं की गुणवत्ता में सुधार होता है तथा किसानों का विश्वास भी सुदृढ़ होता है।