सीएचएमओ एवं सिविल सर्जन के मार्गदर्शन पर मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम तहत अब तक 7500 की जांच व 800 को सेवा
जिला अस्पताल बेमेतरा में संचालित हैं यह निःशुल्क परामर्श व सुविधा, जो हैं सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 20 फरवरी 2026 - वर्तमान में भागदौड़ भरी जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में मानसिक स्वास्थ्य आज सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए बेमेतरा जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के दिशा-निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमृत लाल रोहलेडर, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय बेमेतरा के माध्यम से 'टेली मानस' सेवा के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
'टेली मानस' सेवा - 'टेली मानस' भारत सरकार की एक महत्वकांक्षी पहल है, जिसका पूरा नाम टेली मेंटल हेल्थ असिस्टेंस एंड नेटवर्किंग अक्रॉस स्टेट्स है। इस सेवा के माध्यम से जिले का कोई भी व्यक्ति घर बैठे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकता है। यह सुविधा पूरी तरह गोपनीय है और 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध रहती है।
इसी कड़ी में जिला नोडल अधिकारी डॉ चंद्रकिरण राजपूत द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बेंगलुरू स्थित निमहांस के समन्वय से जिले में 'टोरेंट प्रोजेक्ट' का भी सफल संचालन किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत जिले के आरएमओ, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एवं आरएचओ को मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें मानसिक रोगों की पहचान एवं स्क्रीनिंग के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशिक्षित सीएचओ, आरएचओ द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सघन मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान संचालित कर सफल संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री लता बंजारे द्वारा किया जा रहा है।
75 सौ की जांच व 8 सौ को सेवा
जिला चिकित्सालय बेमेतरा के 'टेली मानस' सेवा से वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले के लगभग सात हजार पांच सौ नागरिकों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जांच की जा चुकी है। वही लगभग आठ सौ लोगों को टेली मानस सेवा प्रदान किया जा चुका है।
घातक व गंभार - विशेषज्ञों के अनुसार तीव्र तनाव का आवेग कई बार अल्प समय के लिए आता है, लेकिन यदि समय रहते परामर्श न मिले तो व्यक्ति गंभीर कदम उठा सकता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी, घबराहट या आत्मघाती विचार आने पर तुरंत सहायता लेना जरूरी है।
सहायता व सहयोग - कोई भी नागरिक निःशुल्क नंबर 14416 या 1800-891-4416 टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।