प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 24 फरवरी 2026 - कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जिला बेमेतरा द्वारा गौधाम संचालन के लिए इच्छुक संस्थाओं से रुचि की अभिव्यक्ति (EOI) आमंत्रित की गई है। जारी सूचना के अनुसार EOI जारी करने की तिथि 24 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
निर्धारित प्रपत्र-7 में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 मार्च 2026 दोपहर 03 बजे तक रखी गई है। इच्छुक संस्थाएं अपना आवेदन कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) में जमा कर सकती हैं।
जारी सूचना में बताया गया है कि गौधाम में निराश्रित एवं घुमंतु गौवंशीय पशुओं तथा गृह विभाग द्वारा कृषिक पशु परीक्षण अधिनियम 2004 (संशोधित 2011) एवं छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परीक्षण नियम 2014 के अंतर्गत जप्त गौवंशीय पशुओं को ही विस्थापित किया जाएगा।
जिला बेमेतरा अंतर्गत राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजमार्गों पर स्थित गोठानों में गौधाम की स्थापना की जानी है। इसके लिए भूमि, संचालन की शर्तें, क्रियान्वयन, निरीक्षण एवं अनुश्रवण, पात्रता, कार्यकाल, चयनित संस्था की जिम्मेदारियां, मानव संसाधन व्यवस्था, योजना के वित्त पोषण एवं शासन की अन्य शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। आवेदन संबंधी विस्तृत विवरण कार्यालयीन दिवसों में प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जिला बेमेतरा में उपलब्ध रहेगा। इच्छुक एवं पात्र संस्थाओं से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।