साजा के नवधा रामायण सम्मेलन में पहुंच विधायक ईश्वर साहू ने गाया गाना
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा 08 जनवरी 2026 - जन समुदाय में आध्यात्मिक चेतना व जागृति लाने की दृष्टि से श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं मानस परिवार नगर पंचायत साजा द्वारा जन सहयोग से चार दिवसीय अखंड नवधा रामायण सम्मेलन पुराना बाजार चौक दुर्गा सांस्कृतिक मंच पर आयोजित किया गया। इसके समापन सत्र के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू का आगमन हुआ, जिसका आयोजकों ने श्रीफल और अंग वस्त्रम भेंट कर सम्मान किया।
लोक संस्कृति कर्मी एवं जनजाति शोधार्थी राम कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्य अतिथि ईश्वर साहू ने अपने ओजपूर्ण एवं लोकप्रिय शैली में दर्शक श्रोताओं व मानस प्रेमियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि राम और रामायण मनुष्य को सच्चाई की राह दिखाता है। इसके अनुरुप अपने जीवन को सरल और सादगीपूर्ण बनाते हुए कर्म के साथ राम स्मरण अर्थात् भक्ति रस में डूबे रहने की प्रेरणा दी।
वहीं "राम आएंगे आएंगे राम आएंगे। मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे राम आएंगे।" लोकप्रिय भजन गाकर लोगों को भाव-विभोर कर दिया। आम के फल को गिराने के लिए 'लबेदा' यानी लाठी मारने की छत्तीसगढ़ी शब्दावली से जन समुदाय को परिचित कराते हुए भक्ति व धीरज से फल प्राप्ति के महत्व को स्पष्ट किया। सम्मेलन के चौथे और अंतिम दिवस में 10 मानस मंडलियों ने मानस गंगा की अविरल धारा को प्रवाहित किया। इस मौके पर काफी संख्या में दर्शक-श्रोता उपस्थित रहे।
मानस गान की अंतिम पदान पर संगवारी सत्संग मानस मंडली चेचानमेटा के सदस्यों ने लंका काण्ड की पंक्तियों का गायन करते हुए राक्षसों की नगरी लंका में सीता जी के सुरक्षित रहने के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख कर उसे नारी शक्ति का प्रतीक बताया। अंतिम दिवस की मानस मंडलियों के सुमधुर गायन-वादन के माध्यम से दर्शक श्रोता प्रभावित होकर मुक्तहस्त से प्रोत्साहन राशि भेंट किया। वहीं सहभागी मंडलियों को नगर के दानदाताओं के सहयोग से नकद राशि, सद्ग्रंथ, श्रीफल, कैलैंडर, गीता पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया गया। मानस मंडलियों के द्वारा लोक रंजन के माध्यम से मानस की गूढ़ रहस्यों और मर्यादित जीवन जीने के महत्व को सरलता से स्पष्ट किया गया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि नारद देवांगन, पूर्व पार्षद नारद साहू, विधायक प्रतिनिधि नेतराम साहू, पार्षद कमल राजपूत, पार्षद आशीष वर्मा, संतोष यादव, लुक राम साहू, दुर्गा प्रसाद यादव, सुनील साहू, रुद्रा साहू सहित श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं मानस परिवार के सदस्य आयुष वर्मा, वीरेंद्र निषाद, अजय यादव, सागर निर्मलकर, यशवंत शर्मा, दीपक, सुनील राजपूत, दीपक जायसवाल, दीपक वर्मा, गजेंद्र साहू, नानू सिन्हा, नमन साहू, आकाश ताम्रकार, लक्की सिंह, भूपेंद्र सोनी, पवन सिंह आदि सहित मंच संचालन में रामाधार पटेल व किशन साहू ने सक्रियता से सहयोग किया।